जब मोहिनी को पता चला ,उसकी माँ मृणाल उसके ''पालक पिता ''के साथ रहती है तो आश्चर्य से उसके मुख से निकला - क्या???मोहिनी की आँखें फैल गईं। मेरे पालक पिता ! लेकिन उन्होंने तो मुझे बताया था,' कि मृणाल ने उन्हें, मुझे सौंपा था।”
“उन्होंने तुम्हें पाला था ,मोहिनी ! यह सच है लेकिन तुम्हें किसने और किन परिस्थितियों में उनके पास पहुँचाया, यह उन्होंने तुम्हें कभी नहीं बताया होगा ।”
निराशा से मोहिनी की आँखें नम हो गईं ,तो उन्होंने भी मुझसे झूठ बोला ?”
विक्रम ने कहा, “हो सकता है ,उन्होंने सच का एक हिस्सा छिपाया हो, लेकिन मैं तुम्हें यह नहीं कहूँगा कि उन्होंने तुम्हारे साथ विश्वासघात किया। शायद वे भी किसी वादे और डर के बीच फँसे हों ।”
मोहिनी ने डायरी मेज़ पर रख दी,“मुझे अब किसी की सफाई नहीं चाहिए, मुझे अपनी माँ से मिलना है ,अब शायद उनसे मिलकर ही मेरे सभी प्रश्नों का जबाब मिलेगा। ”
विक्रम ने, एक कागज़ पर पता लिखकर कहा -“यहाँ से जाओ ! लेकिन एक बात याद रखना—मृणाल से मिलने के बाद तुम्हें अपने' पालक पिता 'से भी बात करनी होगी।”
मोहिनी ने पता अपने बैग में रख लिया।
शाम ढलने लगी थी, जब गाड़ी शहर के बाहरी हिस्से में बने एक पुराने मकान के सामने रुकी।मकान साधारण था। बाहर कोई सुरक्षा गार्ड नहीं, न ही कोई बड़ा फाटक, बस लोहे का एक दरवाज़ा और उसके पास लगी छोटी -सी नामपट्टी -''मृणाल राठौर ''
मोहिनी ने नाम पढ़ा तो उसकी आँखें भर आईं ,भानु ने उसका हाथ थाम लिया और पूछा -आगे बढ़ने के लिए “तैयार हो ?”
मोहिनी ने 'हाँ 'में सिर हिलाया और अपने आंसू पोंछते हुए बोली -मैंने इस मुलाकात के बारे में बहुत बार सोचा है। कभी गुस्सा आया, कभी लगा कि माँ मुझे पहचानेंगी भी या नहीं लेकिन आज मैं उनसे कुछ भी छिपाकर बात नहीं करूँगी।”
रूद्र ने कहा, “हम बाहर रहेंगे, तुम्हें जो कहना है, तुम कह सकती हो।”
मोहिनी ने उसकी ओर देखा ,“तुम भी मेरे साथ चलोगे ,तुम्हारे पिता का नाम भी हमारी इस कहानी से जुड़ा है।”तीनों दरवाज़े तक पहुँचे ,भानु ने घंटी बजाई।
कुछ देर बाद भीतर से कदमों की आवाज़ आई ,दरवाज़ा खुला।सामने एक महिला खड़ी थी, उनके बालों में सफेदी आ चुकी थी। चेहरे पर उम्र की रेखाएँ थीं, लेकिन आँखें वैसी ही थीं जैसी मोहिनी ने अपनी पुरानी तस्वीरों में देखी थीं।
महिला ने मोहिनी को देखा ,उनके हाथ से दरवाज़े की कुंडी छूट गई -“मोहिनी …”
मोहिनी सोच रही थी ,इतने दिनों पश्चात वे शायद मुझे पहचान नहीं पाएँगीं ,माँ !! आवाज़ सुनते ही मोहिनी की आँखों से आँसू बह निकले ,“माँ…”दोनों कुछ पल तक एक-दूसरे को देखती रहीं ,फिर मृणाल ने आगे बढ़कर मोहिनी को गले लगा लिया।
वो उसे ऐसे पकड़े हुए थीं, जैसे उसे डर हो कि अगर हाथ थोड़ा भी ढीला हुआ तो बेटी फिर से ,उनसे दूर हो जाएगी।“तुम आ गईं…” मृणाल की आवाज़ टूट गई। “मुझे पता था, एक दिन तुम मुझे ढूँढ़ते हुए अवश्य यहां आओगी।”
मोहिनी ने उनके कंधे से सिर उठाया और शिकायत भरे लहज़े में पूछा -“आपने भी तो मुझे ढूँढ़ा क्यों नहीं ?”
मृणाल की आँखें भर आईं ,मैंने बहुत कोशिश की थी, बेटी !”
“तो फिर मैं इतने सालों तक आपके बिना क्यों रही? किसी बच्चे की तरह भोलेपन से मोहिनी ने पूछा।
मृणाल ने उसका चेहरा दोनों हाथों में लिया ,क्योंकि मैं तुम्हें वापस पाने की कोशिश में तुम्हें हमेशा के लिए खो सकती थी।”
तब मोहिनी ने अपने को संभाला और सोचा ,मैं यहाँ अपने प्रश्नों के जबाब लेने के लिए आई हूँ ,तब उसने उनकी आँखों में देखते हुए पूछा—क्या आपने राजू को, मुझसे अलग किया था?”
मृणाल का चेहरा अचानक गंभीर हो गया,उन्होंने पीछे खड़े भानु और रूद्र को देखा ,फिर धीरे से कहा—“अंदर आओ ! अब शायद मुझे वह सब बताना ही होगा, जिसे मैं इतने सालों से छिपाती आई हूँ।”मृणाल ने उन्हें बैठक में बैठाया। भावुक हो ,कुछ देर तक वो चुपचाप मोहिनी को देखती रहीं, फिर चुपचाप उठकर अंदर गईं और एक पुराना लकड़ी का डिब्बा लेकर वापस आईं ।
डिब्बे में तीन तस्वीरें, एक चाँदी का लॉकेट और एक पुरानी अस्पताल की पर्ची थी।मृणाल ने पहली तस्वीर मोहिनी के सामने रखी।उसमें तीन बच्चे थे - मोहिनी , भानु और लाल रिबन वाला राजू।
“तुम तीनों बचपन में बहुत करीब थे,” मृणाल ने कहा। “तुम दोनों भाइयों को शायद याद न हो, लेकिन मोहिनी हमेशा राजू का हाथ पकड़कर चलती थी, उसे कभी कहीं अकेले नहीं जाने देती थी।”
मोहिनी ने उस तस्वीर को छुआ और बोली -“मुझे कुछ-कुछ याद है ,फिर एक दिन सब बदल गया।”
मृणाल की आवाज़ भारी हो गई, तुम्हारे जन्म से जुड़े कुछ दस्तावेज़ गलत दर्ज किए गए थे। अस्पताल के रिकॉर्ड में तीन बच्चों के नाम और अभिभावकों की जानकारी बदल दी गई थी। किसी ने ऐसा इसलिए किया था ताकि परिवार की संपत्ति और विरासत पर अपना नियंत्रण बनाए रखा जा सके।”
मोहिनी ने पूछा, “इसमें बच्चों की पहचान बदलने की क्या ज़रूरत थी?”
मृणाल ने जवाब दिया, “क्योंकि असली पहचान सामने आने पर विरासत के दावे बदल सकते थे। कुछ लोगों को डर था कि अगर तीनों बच्चों का सही संबंध सामने आ गया, तो उनका बनाया हुआ पूरा ढाँचा टूट जाएगा।”
भानु ने कहा - आपने राजू को हमसे अलग क्यों कर दिया?”
मृणाल ने उसकी तरफ देखा,“हाँ, उस समय मुझे यही रास्ता बताया गया था। मुझसे कहा गया ''कि अगर तीनों बच्चे साथ रहे, तो उन्हें नुकसान पहुँचाया जाएगा। मैंने राजू को कुछ समय के लिए सुरक्षित जगह भेजने की अनुमति दी थी।”
मोहिनी की आवाज़ काँप उठी ,लेकिन वह तो बच्चा था, उसे यह कैसे समझ आया होगा, कि उसकी दीदी उसे छोड़ रही है?”
मृणाल की आँखों से आँसू बह निकले ,“वह समझा तो ही नहीं था, किन्तु तुम्हारे लिए वो बहुत रोया था। बार-बार तुम्हारा नाम ले रहा था। मैं उसे समझाती रही, कि थोड़े दिनों की बात है तुम्हारी दीदी फिर से हमारे साथ होगी, लेकिन वे थोड़े दिन सालों में बदल गए।”
मोहिनी ने पूछा, “फिर उसे वापस क्यों नहीं लाया गया ?”
मृणाल ने उसकी तरफ देखा ,“क्योंकि जिस व्यक्ति के पास उसे भेजा गया था, उसने उसका नाम और पहचान दोनों ही बदल दीं । मुझे बताया गया ''कि राजू को सुरक्षित स्थान पर रखा गया है, लेकिन बाद में मुझे पता चला कि वो उस व्यक्ति के पास भी नहीं था।”
रूद्र ने कहा, “तो फिर वह कहाँ था?”
“मुझे नहीं पता , मैं उसे ढूँढ़ती रही , तुम्हारे पिता ने भी मेरी मदद की, लेकिन हर बार हमें अलग-अलग जानकारी दी गई।”
तब मोहिनी ने चाँदी का लॉकेट उठाया।
उसमें भी वही फूल बना था, जो बचपन के कमरे और तीसरे बच्चे के रिकॉर्ड में दिखलाई दिया था।
“यह किसका है?”
मृणाल ने उत्तर दिया—ये उसी तीसरे बच्चे का था, जिसके बारे में तुम लोग अब तक मुझसे सवाल कर रहे हो।”
मोहिनी ने लॉकेट खोलने की कोशिश की,उसके अंदर एक छोटी-सी तस्वीर थी, लेकिन उसका चेहरा साफ़ नहीं दिख रहा था।“माँ, यह बच्चा कौन है ?”बेचैनी से मोहिनी ने पूछा।
मृणाल ने उसकी आँखों में देखा और गहरा रहस्य खोलते हुए बताती है ,' तुमने अब तक तीन बच्चों की बात सुनी है, लेकिन तुम्हें यह नहीं बताया गया कि उस समय केवल दो बच्चों को अलग-अलग जगह भेजा गया था, तीसरा बच्चा तो हवेली में ही था।”
भानु ने पूछा, “कौन-सा बच्चा?”
मृणाल ने कुछ क्षण चुप रहकर कहा—“वह बच्चा, जिसे तुम सब अपने बीच रहते हुए भी, कभी पहचान नहीं सके ।”
मोहिनी का ह्रदय तेज़ी से धड़कने लगा ,कहीं वो राजू तो नहीं था।
क्या मोहिनी सच्चाई का पता लगा पायेगी ? क्या मृणाल उसे राजू का पता बताएगी। हवेली में जो बच्चा रह रहा था आख़िर वो कौन था ?उसकी असलियत कैसे मालूम पड़ेगी ? क्या मृणाल उन्हें सही राह दिखा पायेगी जानने के लिए बने रहिये -'किसकी दुल्हन 'के साथ
