Kiski dulhan [part 91]

जैसे ही वो तीनों [मोहिनी ,भानु और रूद्र ] एक निर्णय पर पहुंचना चाहते हैं ,तभी कोई न कोई बात ऐसी हो जाती है, जिसके कारण उन्हें लगता कि अभी बहुत कुछ जानना जरूरी है। तब मोहिनी, सुहासिनी से पूछती है - मेरी माँ कहाँ है ?

सुहासिनी ने उसकी ओर देखा और बोली - मैं ,तुम्हें उनका पता दे सकती हूँ, लेकिन पहले तुम्हें एक बात समझनी होगी, मृणाल ने तुम्हें कभी छोड़ा नहीं था, वह तुम्हारे पास लौटना चाहती थी। मगर हर बार कोई न कोई उसे रोक देता था।”


“यह बात तो मैं कई बार सुन चुकी हूँ ,किन्तु मैं ये जानना चाहती हूँ कि वो कौन है ?जो उन्हें अपनी बेटी से ही मिलने नहीं दे रहा है ?”

“तुम्हारे दादाजी, विक्रम और कुछ ऐसे लोग, जिनके नाम अभी तुम्हारे सामने बताना उचित नहीं होगा।”

भानु ने नाराज़ होकर कहा, “हमारे लिए क्या सुरक्षित है और क्या नहीं ?यह फैसला अब कोई दूसरा नहीं करेगा।”

सुहासिनी ने पहली बार उसकी आँखों में सीधे देखा ,“तुम्हारे पिता ने भी यही कहा था।”

भानु का चेहरे के भाव बदल गए “मेरे पिता इस सबमें कैसे आए?”

सुहासिनी कुछ पल चुप रहीं ,“क्योंकि 2001 में जब तीसरे बच्चे को हवेली से बाहर ले जाने की कोशिश हुई, तब तुम्हारे पिता ने उस आदेश का विरोध किया था, लेकिन उन्होंने भी एक गलती की थी।”

“कौन-सी गलती?”

“उन्होंने बच्चे को वापस लाने के बाद ,उसका असली नाम छिपा दिया।”

मोहिनी ने पूछा, “क्यों? उन्होंने ऐसा क्यों किया ?

“क्योंकि उन्हें डर था कि अगर उसका नाम सामने आया, तो उसे फिर से हवेली से दूर ले जाया जाएगा।”

रूद्र ने धीरे से कहा, “इसीलिए रजिस्टर में नाम बदलते रहे।”

सुहासिनी ने सिर हिलाया -“हाँ, लेकिन तुम्हारे पिता ने, केवल नाम ही नहीं छिपाया था, उन्होंने उस बच्चे की पहचान भी बदल दी थी।”

बस अब बहुत हुआ ,भानु ने कुर्सी से उठते हुए कहा, “आप हमें किसी पहेली में उलझा रही हैं,आख़िर आप बताती क्यों नहीं , वह बच्चा कौन था?”

सुहासिनी ने जवाब दिया—“इस सवाल का जवाब तुम्हें विक्रम देगा।”

मोहिनी ने तुरंत कहा, “तो हम अभी विक्रम से ही मिलने जायेंगे।”

सुहासिनी ने उसे रोकने की कोशिश नहीं की, उन्होंने केवल एक छोटा-सा कागज़ उसकी ओर बढ़ा दिया।“यह मृणाल का पता है, लेकिन वहाँ पहुँचने से पहले तुम लोग विक्रम से मिलना।  वह तुम्हारी माँ तक पहुँचने का रास्ता जानता है।”

मोहिनी ने, कागज़ ले तो लिया किन्तु अविश्वास से पूछा -और अगर विक्रम ने हमें फिर से गुमराह करने का प्रयास किया तो....?”

सुहासिनी ने शांत स्वर में कहा— तो इस बार उसके सामने यह तस्वीर रख देना ,कहते हुए उसने एक तस्वीर उनके सामने रख दी। 

दोपहर के करीब वे तीनों विक्रम के पुराने कार्यालय में पहुँचे।विक्रम अपने कमरे में बैठा कुछ दस्तावेज़ देख रहा था। मोहिनी को देखते ही, उसने फाइल बंद कर दी और पूछा “तुम लोग यहाँ, सब ठीक तो है?”

मोहिनी को विक्रम पर क्रोध था ,इसीलिए बिना अभिवादन किए उसने सुहासिनी द्वारा दी गयी तस्वीर तस्वीर उसके सामने रख दी और पूछा -“आप इसे पहचानते हैं?”

विक्रम की नज़र तस्वीर पर पड़ी ,उसके चेहरे पर एक क्षण के लिए तनाव उभरा, लेकिन उसने खुद को संभाल लिया और पूछा -“यह तस्वीर तुम्हें कहाँ मिली?”

“सुहासिनी मल्होत्रा के पास से....”

विक्रम कुर्सी से उठ खड़ा हुआ ,क्या तुम उनसे मिली थीं?”

मोहिनी के जबाब देने से पहले रूद्र  ने कहा - “हाँ, और उन्होंने हमें बहुत कुछ बताया है।”

विक्रम ने मोहिनी की ओर देखा और पूछा -उसने क्या बताया?”

मोहिनी  ने सीधे प्रश्न किया, “क्या मेरी माँ ने आपको मेरी सुरक्षा की जिम्मेदारी दी थी ?”

विक्रम कुछ पल चुप रहा ,फिर उसने कहा - “हाँ ”

“क्या आपको पता था कि राजू को अलग-अलग नाम देकर छिपाया गया था?”

“हाँ”

“क्या आपको पता था कि मेरी शादी पहले रूद्र से तय थी और फिर परिस्थतियाँ इस तरह बना दी गयीं ,मुझे भानु से विवाह करने के लिए विवश होना पड़ा। ”

विक्रम ने इस बार तुरंत उत्तर नहीं दिया। इस बार मोहिनी की आवाज़ कठोर हो गई ,बताइये !मैंने आपसे सवाल पूछा है।”

शांत स्वर में जबाब देते हुए बोले - मुझे उस दिन की पूरी सच्चाई बहुत बाद में पता चली थी।”

रूद्र ने बीच में कहा, “लेकिन आप उस व्यवस्था का हिस्सा थे, जिसमें मोहिनी को वापस हवेली लाया गया। क्या आपको पता था कि उसे किस उद्देश्य से लाया जा रहा है ?”

विक्रम ने गहरी साँस ली ,और बोले -मुझे सिर्फ़ इतना बताया गया था कि मोहिनी का हवेली में लौटना ज़रूरी है। मृणाल चाहती थीं,' कि वह अपने जन्म से जुड़े कुछ दस्तावेज़ वापस हासिल करे। मुझे यह नहीं बताया गया था कि उसकी शादी को लेकर उनकी कोई योजना बनाई गई है।”

भानु  ने पूछा, “जब आप ये सब जानते थे,तब आपने हमारी शादी को रोकने की कोशिश क्यों नहीं की?”

विक्रम ने उसकी ओर देखा ,क्योंकि जब मुझे सच्चाई पता चली, तब तक विवाह हो चुका था।”

“आपने हमें ये सब पहले क्यों नहीं बताया ?”

“क्योंकि मुझे लगा कि उस समय सच बताने से मोहिनी की जान को खतरा हो सकता था।”

मोहिनी ने ,कड़वाहट से कहा, “आप सबको मेरी जान की चिंता थी, लेकिन किसी को मेरी इच्छा की चिंता नहीं थी कि मैं क्या चाहती हूँ ?

विक्रम के पास इस बात का कोई जवाब नहीं था।कुछ देर पश्चात उसने मेज़ की दराज़ खोली और एक पुरानी डायरी बाहर निकालते हुए बोला -“मुझे पता था कि एक दिन यह सवाल अवश्य उठेगा इसलिए मैंने यह डायरी संभालकर रखी थी।”

महिनी  ने डायरी उनके हाथ से ले ली।

उसके पहले पन्ने पर तारीख लिखी थी—20 अगस्त 2001।

अगले पन्ने पर लिखा था—‘तीसरे बच्चे को वापस हवेली लाया गया, आदेश के अनुसार उसे परिवार के सामने प्रस्तुत नहीं किया जाएगा। उसकी पहचान सुरक्षित रखने के लिए नया नाम दर्ज किया गया है।’

मोहिनी ने पूछा, “यह नया नाम क्या था?”

विक्रम ने पन्ना पलटा ,नाम वाले स्थान पर स्याही फैली हुई थी। फिर भी नीचे लिखे कुछ अक्षर पढ़े जा सकते थे—

‘वि…’

भानु ने तुरंत डायरी अपने हाथ में ली।“वि से क्या? विक्रम, विराज ?”

“यह नाम अधूरा है,” विक्रम ने कहा। “मैंने भी इसे पढ़ने की कोशिश की थी, लेकिन असली नाम मिटा दिया गया है।”

रूद्र ने पूछा, “और इस बच्चे को कौन वापस लाया ?”

विक्रम ने उत्तर दिया, “इसे तुम्हारे पिता वापस लाये थे ।”क्या तुमने सुहासिनी से भी यही सुना?”

“हाँ ''

 लेकिन उन्होंने शायद तुम्हें यह नहीं बताया कि बच्चे को वापस लाने के पश्चात तुम्हारे पिता ने उसे किसे सौंपा था ?”

मोहिनी ने पूछा, “किसे सौंपा होगा ?”

विक्रम ने उसकी आँखों में देखते हुए कहा—“मृणाल को....”

मोहिनी  की आँखें फैल गईं ,लेकिन सुहासिनी ने तो कहा था कि मेरी माँ ने राजू को, मुझसे अलग किया था।”

“उन्होंने उसे अलग करने का फैसला किया था, लेकिन बाद में उसे वापस पाने की कोशिश भी की। यही वजह है कि इस कहानी में किसी एक व्यक्ति को पूरी तरह दोषी या निर्दोष नहीं कहा जा सकता।”

भानु  ने डायरी बंद कर दी और विक्रम से पूछा -“क्या आपके पास मृणाल का पता है?”

विक्रम ने कुछ देर सोचा, फिर सिर हिलाया,“हाँ'' लेकिन वहाँ जाने से पहले तुम्हें यह जानना होगा कि मृणाल अकेली नहीं रहतीं।”

मोहिनी  ने पूछा, “तब वो किसके साथ रहती हैं?”

विक्रम ने कहा—उस व्यक्ति के साथ, जिसने 2001 में तुम्हें, तुम्हारे असली परिवार से दूर किया था।”कमरे में सन्नाटा छा गया।“क्क्क्क कौन?” मोहिनी ने पूछा।

विक्रम ने धीमे स्वर में कहा—“तुम्हारे पालक पिता।”


laxmi

मेरठ ज़िले में जन्मी ,मैं 'लक्ष्मी त्यागी ' [हिंदी साहित्य ]से स्नातकोत्तर 'करने के पश्चात ,'बी.एड 'की डिग्री प्राप्त करने के पश्चात 'गैर सरकारी संस्था 'में शिक्षण प्रारम्भ किया। गायन ,नृत्य ,चित्रकारी और लेखन में प्रारम्भ से ही रूचि रही। विवाह के एक वर्ष पश्चात नौकरी त्यागकर ,परिवार की ज़िम्मेदारियाँ संभाली। घर में ही नृत्य ,चित्रकारी ,क्राफ्ट इत्यादि कोर्सों के लिए'' शिक्षण संस्थान ''खोलकर शिक्षण प्रारम्भ किया। समय -समय पर लेखन कार्य भी चलता रहा।अट्ठारह वर्ष सिखाने के पश्चात ,लेखन कार्य में जुट गयी। समाज के प्रति ,रिश्तों के प्रति जब भी मन उद्वेलित हो उठता ,तब -तब कोई कहानी ,किसी लेख अथवा कविता का जन्म हुआ इन कहानियों में जीवन के ,रिश्तों के अनेक रंग देखने को मिलेंगे। आधुनिकता की दौड़ में किस तरह का बदलाव आ रहा है ?सही /गलत सोचने पर मजबूर करता है। सरल और स्पष्ट शब्दों में कुछ कहती हैं ,ये कहानियाँ।

Post a Comment (0)
Previous Post Next Post