Kiski dulhan [part 84]

 मोहिनी दीदी…! इस बार दरवाज़ा खोलने में देर मत करना ”बाहर से आती आवाज़, सुनते ही मोहिनी के ''पैरों के नीचे जैसे ज़मीन खिसक गई।'' वह दरवाज़े की ओर देखती रह गई। बाहर खड़ा व्यक्ति कौन है ? यह जानने से पहले ही, उसका दिल उस आवाज़ को पहचान चुका था। वही आवाज़… वही पुकार… वही अपनापन, जिसे उसने, अपनी यादों के किसी बंद कमरे में बरसों से कैद कर रखा था।

“राजू…” उसके होंठों से बमुश्किल निकला।

भानु ने तुरंत उसकी तरफ देखा और पूछा -“तुमने क्या कहा?”


मोहिनी ने जवाब नहीं दिया किन्तु  उसकी आँखें अभी भी दरवाज़े पर जमी थीं ,बाहर से फिर वही आवाज़ आई।“दीदी, मैं जानता हूँ ,आप अंदर हैं , इस बार मुझे वापस मत भेजना !”

मोहिनी एक कदम आगे बढ़ी, लेकिन भानु ने उसका हाथ पकड़ लिया और बोला -“रुको !”

“भानु ! वो राजू है ,मैं उसकी आवाज पहचानती हूँ। 

“और अगर वह वही आदमी हुआ, जिसने पहले भी तुम्हें धोखा दिया है?”

“नहीं ,मुझे नहीं लगता ,उसकी आवाज़ मैं पहचानती हूँ।”

“आवाज़ पहचानी जा सकती है, मोहिनी ! लेकिन यह ज़रूरी नहीं कि आवाज़ के पीछे वही इंसान हो,आवाज बदली भी जा सकती है।”

मोहिनी ने, उसकी ओर देखा, उसकी आँखों में डर से अधिक बेचैनी थी।“अगर वो सचमुच राजू हुआ तो क्या होगा ? अब इतने सालों के पश्चात वो मेरे सामने आकर खड़ा हो गया है और मैं, उसे दरवाज़े के बाहर ही छोड़ दूँ ,सिर्फ़ इस शक़ पर की वो राजू नहीं हो सकता?”

तब भी भानु ने उसका हाथ नहीं छोड़ा।“मैं तुम्हें ,उससे मिलने से नहीं रोक रहा। मैं सिर्फ यह चाहता हूँ कि इस बार हम बिना सोचे -विचार के किसी पर भरोसा न करें।”

तभी पीछे से भानु की आवाज़ आई -'' भानु ,ठीक कह रहा है।”

मोहिनी ने पलटकर देखा ,रूद्र सीढ़ियों से नीचे उतर रहा था। उसके हाथ में एक पुरानी फाइल थी, जिसे वह कुछ देर पहले अपने कमरे में देख रहा था।

“तुम दोनों यहीं रुको !” रूद्र ने कहा - “मैं दरवाज़े के पास जाता हूँ।”

“नहीं,” मोहिनी ने तुरंत कहा -“ये मेरा अतीत है ,मुझसे मिलने आया है , मुझे पुकार रहा है ,मुझे ही, उससे बात करनी होगी।”

रूद्र रुक गया ,“तुम्हारा अतीत तो है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि तुम्हें अकेले ही उसका सामना करना पड़ेगा।”

भानु ने, रूद्र की तरफ देखा, दोनों भाइयों के मध्य एक पल के लिए वही पुराना तनाव उभरा, लेकिन इस बार किसी ने उसे बढ़ने नहीं दिया और तुरंत ही उन्होंने निर्णय लिया ,तीनों दरवाज़े के पास पहुँचे।

भानु ने, दरवाज़े के ऊपर लगे छोटे कैमरे की स्क्रीन चालू की। तस्वीर कुछ धुँधली थी, बाहर एक आदमी खड़ा था। उसने गहरे रंग की जैकेट पहन रखी थी और सिर पर हुड था। उसका चेहरा कैमरे की रोशनी से आधा छिपा हुआ था। मोहिनी स्क्रीन के करीब आ गई किन्तु उसे चेहरा साफ़ नहीं दिख रहा है।

 ” उसने कहा,“मैं पूछता हूँ,” भानु ने, दरवाज़े की ओर देखते हुए आवाज़ लगाई, “तुम कौन हो?”

बाहर कुछ क्षण शांति रही ,फिर जवाब आया—“जिसे तुम लोगों ने नाम देकर भी, पहचानना नहीं चाहा।

  रूद्र  की भौंहें सिकुड़ गईं।“सीधा जवाब दो ! तुम्हारा नाम क्या है?”

“नाम तो आपने बहुत दिए हैं , कभी राजू, कभी आर्यन, कभी राघव…”

मोहिनी का हाथ अपने आप मुँह तक चला गया और अचम्भित सी बोली -ये वही है ,उसने धीमे और उत्साहित स्वर में पूछा - “क्या तुम सच में राजू हो ?”

बाहर खड़े व्यक्ति ने उत्तर देने के बजाय पूछा—“दीदी !आपको याद है ,आपने, आखिरी बार मुझे क्या दिया था?”

मोहिनी की आँखें भर आईं ,वह यादों में लौट गई। हवेली का पिछला आँगन… बारिश के बाद गीली मिट्टी… एक छोटा लड़का, जिसके हाथ में पीतल की सीटी थी। वह हर बार डरने पर सीटी बजाता था। मोहिनी, उसे चिढ़ाती थी,-' कि इतनी छोटी-सी आवाज़ से तुम्हें ,कोई  बचाने नहीं आएगा। उस दिन वह लड़का रो रहा था। मोहिनी ने अपनी कलाई से लाल धागा खोलकर ,उसकी कलाई पर बाँध दिया था।“जब तक यह धागा तुम्हारे पास है, तुम अकेले नहीं हो,” उसने कहा था और फिर उसने, उसे एक छोटी-सी लकड़ी की चिड़िया दी थी, जिसके पंख पर उसने अपने हाथ से ‘र’ लिखा था।

मोहिनी ने काँपती आवाज़ में पूछा—“क्या वो लकड़ी की चिड़िया… तुम्हारे पास अब भी है?”

बाहर खड़ा व्यक्ति कुछ क्षण चुप रहा ,फिर दरवाज़े के नीचे से एक छोटी-सी चीज़ उसने भीतर सरका दी।वो एक लकड़ी की चिड़िया थी ,उसका एक पंख टूटा हुआ था, लेकिन उस पर बना ‘र’ अब भी दिखाई दे रहा था। मोहिनी झुककर उसे उठाने लगी, लेकिन भानु ने आगे बढ़कर पहले उसे उठाया, उसने चिड़िया को ध्यान से देखा और फिर मोहिनी को दे दिया।

मोहिनी की उँगलियाँ उस पुरानी लकड़ी की चिड़िया पर ठहर गईं।उसे देखकर उसकी आँखों में चमक आई ,प्रसन्नता से बोली - क्या यह तुम्हारे पास थी…?

“हाँ, दीदी,” बाहर से जवाब आई “लेकिन आपके पास लौटाकर लाने में मुझे, बहुत देर लग गई।”

मोहिनी की आँखों से आँसू बह निकले ,भानु ने उसकी तरफ देखा , इस बार उसने, उसे रोकने की कोशिश नहीं की।

“दरवाज़ा खोल दो !” मोहिनी  ने जोर से कहा।

भानु ने कुछ पल सोचा, फिर उसने रूद्र की तरफ इशारा किया कि वह दूसरी तरफ रहे। दरवाज़े की चेन लगी रहने दी गई और मुख्य दरवाज़ा थोड़ा-सा खोला गया।

बाहर खड़ा व्यक्ति सामने आया, उसने धीरे-धीरे अपना हुड पीछे किया उसका चेहरा देखकर मोहिनी स्तब्ध रह गई। वह कोई बच्चा नहीं था, उसके सामने लगभग तीस वर्ष का एक युवक खड़ा था। चेहरे पर थकान थी, आँखों के नीचे गहरे निशान और दाहिने गाल पर एक पुराना घाव, लेकिन उसकी आँखें…वे आँखें मोहिनी को अपने बचपन के उस छोटे-से दोस्त की याद दिला रही थीं, जो हर बार उसे देखकर मुस्कराता था।“राजू…”कहकर  मोहिनी ने, एक कदम आगे बढ़ाया।

युवक की आँखें भर आईं और बोला -“इस बार दीदी ,ने पहचान लिया। ”

मोहिनी ने चेन हटाने के लिए हाथ आगे बढ़ाया, लेकिन बाहर खड़े युवक ने तुरंत कहा—“रुकिए!”

सब ठिठक गए ,“क्या हुआ?” मोहिनी ने पूछा।

युवक ने भानु और रूद्र की तरफ देखा और उनसे पूछा -“क्या मैं अंदर आ सकता हूँ ? लेकिन उससे पहले एक बात जानना ज़रूरी है।”

“कौन-सी बात?” भानु ने पूछा।

“क्या इस हवेली में अभी भी वही पुरानी व्यवस्था है? क्या रात के दो बजे पिछला गलियारा अपने आप खुलता है?”

भानु का चेहरा सख्त हो गया और पूछा -“तुम उस गलियारे के विषय में कैसे जानते हो ?”

“क्योंकि मुझे उसी गलियारे से बाहर ले जाया गया था।”

महिनी ने उसका हाथ पकड़ लिया और आत्मीयता से पूछा -“राजू ! तुम्हें उस रस्ते से कौन ले गया था , वो कौन था ? जिसने तुम्हें, हमसे अलग किया था।”

युवक ने उसकी पकड़ से अपना हाथ नहीं छुड़ाया,लेकिन उसकी आँखों में अचानक भय उतर आया तब बोला - “जो मुझे यहां से ले गया था, वह अकेला नहीं था। उस रात वहाँ तीन लोग थे। उनमें से एक को आप अच्छे से जानती हैं।”

क्या ?मैं उसे जानती हूँ ,वो कौन था ?”

युवक ने, मोहिनी के पीछे देखा। उसको ऐसे घबराते देख, उन तीनों ने भी पीछे मुड़कर देखा यह देखने के लिए कि वहां कौन है ?


laxmi

मेरठ ज़िले में जन्मी ,मैं 'लक्ष्मी त्यागी ' [हिंदी साहित्य ]से स्नातकोत्तर 'करने के पश्चात ,'बी.एड 'की डिग्री प्राप्त करने के पश्चात 'गैर सरकारी संस्था 'में शिक्षण प्रारम्भ किया। गायन ,नृत्य ,चित्रकारी और लेखन में प्रारम्भ से ही रूचि रही। विवाह के एक वर्ष पश्चात नौकरी त्यागकर ,परिवार की ज़िम्मेदारियाँ संभाली। घर में ही नृत्य ,चित्रकारी ,क्राफ्ट इत्यादि कोर्सों के लिए'' शिक्षण संस्थान ''खोलकर शिक्षण प्रारम्भ किया। समय -समय पर लेखन कार्य भी चलता रहा।अट्ठारह वर्ष सिखाने के पश्चात ,लेखन कार्य में जुट गयी। समाज के प्रति ,रिश्तों के प्रति जब भी मन उद्वेलित हो उठता ,तब -तब कोई कहानी ,किसी लेख अथवा कविता का जन्म हुआ इन कहानियों में जीवन के ,रिश्तों के अनेक रंग देखने को मिलेंगे। आधुनिकता की दौड़ में किस तरह का बदलाव आ रहा है ?सही /गलत सोचने पर मजबूर करता है। सरल और स्पष्ट शब्दों में कुछ कहती हैं ,ये कहानियाँ।

Post a Comment (0)
Previous Post Next Post