Kiski dulhan [part 101]

मोहिनी को, उसके जन्म के पिता राजवीर का फोन आता है। वो उसे समझाते हैं और लाल अंगूठी वाले से संभलकर रहने के लिए कहते हैं।जब मोहिनी उसका नाम जानना चाहती है ,तब वे उससे मिलकर बताने के लिए कहते हैं किन्तु इस मुलाकात का किसी से भी ज़िक्र मत करना। 

मोहिनी ने फोन नीचे रखा ,उसके पालक पिता अब तक चुप खड़े थे। उनके हाथ में वही पुराना दस्तावेज़ था, जिसमें राजवीर का नाम लिखा था।

मोहिनी, ने उनकी ओर देखा और पूछा -“पापा ! आपने यह पन्ना इतने वर्षों तक क्यों छिपाया?”

उन्होंने कुछ पल तक उसकी आँखों में देखा,“क्योंकि मुझे डर था कि अगर तुमने अपने जन्म के पिता को खोज लिया, तो तुम मुझे छोड़ दोगी ,कहकर वो उदास हो गए। 


“क्या आपको लगता है कि सच जानने से मैं ,आपको अपना पिता मानना बंद कर दूँगी?”

“मोहिनी ! मैंने तुम्हें अपनी बेटी की तरह पाला है, तुम्हारी हर बीमारी, हर खुशी, हर परेशानी में तुम्हारे साथ रहा हूँ, लेकिन मैं जानता था कि एक न एक  दिन तो तुम्हें अपने जन्म का सच पता चलेगा ही... और जिस दिन तुम्हें ये सच पता चल गया ,तो शायद तुम्हारी नजरों में मैं, अपने लिए वो प्यार सम्मान न देख सकूं। 

ऐसा नहीं है ,आपको मुझे सच पहले ही बता देना चाहिए था ?”

उनका गला रुंध गया, भारी आवाज़ में कहा, “क्योंकि मैं केवल तुम्हें पालने वाला व्यक्ति नहीं था। मैं तुम्हारी पहचान बदलने के फैसले का भी हिस्सा था।”

मोहिनी स्तब्ध रह गई ,“क्या ?”

“मुझे अस्पताल से तुम्हें सुरक्षित स्थान पर ले जाने के लिए कहा गया था। मुझे बताया गया कि तुम्हारी माँ की जान खतरे में है और तुम्हें उसके पास रखना संभव नहीं। मैंने तुम्हें अपने साथ ले लिया। कुछ वर्षों बाद मुझे पता चला कि तुम्हारे पिता जीवित हैं और तुम्हें ढूँढ़ रहे हैं।”

“फिर आपने उन्हें, मुझसे मिलने क्यों नहीं दिया?”

उन्होंने सिर झुका लिया ,“क्योंकि मुझे एक पत्र मिला था, उसमें लिखा था कि अगर मैंने तुम्हें किसी दूसरे परिवार के सामने पहचान लिया, तो तुम्हारी जान खतरे में पड़ जाएगी।”

मोहिनी ने पूछा, “पत्र किसने भेजा था?”

उन्होंने उत्तर दिया, “मुझे लगा था, कि वह रत्न प्रताप की ओर से आया है।”

विक्रम ने तुरंत बीच में कहा, “ रत्न प्रताप उस समय तुम्हारी सुरक्षा की जिम्मेदारी निभा रहे थे। मुझे नहीं लगता कि उन्होंने ऐसा कोई पत्र भेजा होगा।”

पालक पिता ने  विक्रम की ओर देखा ,“तुम्हें क्या पता? तुम भी तो सब कुछ जानते हुए चुप रहे।”

विक्रम ने इस बार विरोध नहीं किया ,मोहिनी ने अपने पालक पिता से कहा, “आपने मुझे बचाया, इसके लिए मैं आपकी ऋणी हूँ। लेकिन आपने मेरी पहचान और मेरे रिश्तों के बारे में अकेले ही फैसला ले लिया। यह बात मैं कभी सामान्य नहीं मान सकती।”

उनकी आँखों में आँसू आ गए ,मैं तुम्हारी नाराज़गी स्वीकार करता हूँ।”

दरवाज़े के बाहर खड़े आदमी ने फिर से दस्तक दी।“क्या अब मैं अंदर आ सकता हूँ?”

भानु ने दरवाज़ा तो खोला, लेकिन उसके सामने खड़ा हो गया -“जो कहना है, यहीं कहो !”

आदमी मुस्कराया -“मुझे मोहिनी से बात करनी है।”

मोहिनी ने खुद आगे आकर पूछा -“बोलिए !”

उसने जेब से एक पुराना लिफाफा निकाला ,“इसमें तुम्हारे पिता के खिलाफ दर्ज किया गया मूल आरोपपत्र है। अगर तुम इसे पढ़ोगी, तो समझ जाओगी कि राजवीर को परिवार से क्यों निकाला गया था ?”

मोहिनी ने लिफाफा लेने के लिए जैसे ही आगे हाथ बढ़ाया, तभी भानु ने उसे बीच में आकर रोक दिया।

“पहले बताओ !तुम्हें इससे क्या चाहिए?”

आदमी ने उसकी ओर देखा ,“मुझे कुछ नहीं चाहिए, मुझे केवल वह चाबी चाहिए जो मोहिनी की पायल में छिपी है।”

भानु का चेहरा सख्त हो गया ,“तो तुम्हारा असली मकसद यही है।”

“उस चाबी से एक पुराना कमरा खुलता है। उस कमरे में ऐसे दस्तावेज़ हैं जो साबित करेंगे कि राजवीर निर्दोष था।”

मोहिनी ने पूछा, “अगर आपको सच में राजवीर को निर्दोष साबित करना है, तो आप खुद वह कमरा क्यों नहीं खोल लेते?”

आदमी मुस्कराया ,क्योंकि उस कमरे का ताला तुम्हारे हाथ से ही खुल सकता है।”

मोहिनी ने दृढ़ता से कहा, “मेरी चाबी आपको नहीं मिलेगी।”

“सोच लो ! तुम्हारे पिता की जिंदगी का सच उसी कमरे में बंद है।”

मैं किसी की धमकी पर अपना फैसला नहीं बदलूँगी।”

आदमी ने लिफाफा भानु की ओर बढ़ाया।“इसे रख लो ! लेकिन इसे पढ़ने से पहले आखिरी पन्ना जरूर देखना।”

भानु ने लिफाफा ले लिया।आदमी वापस मुड़ा और सीढ़ियों की ओर बढ़ने लगा।

मोहिनी ने पीछे से आवाज़ दी—“रुकिए! आपका नाम क्या है?”

वह रुका, लेकिन पलटा नहीं ,“जिस नाम से तुम मुझे जानती हो, वह मेरा असली नाम नहीं है।”

“तो आपका असली नाम?”

उसने धीरे से उत्तर दिया—जब तुम्हारे पिता सामने आएँगे, तब उनसे पूछ लेना, उन्होंने मुझे यह नाम दिया था।”कहकर वो चला गया।

मोहिनी ने ,भानु की ओर देखा ,“क्या अब यह भी कोई नया रहस्य है।”

भानु ने लिफाफा खोलते हुए कहा, “इस बार हम इसे बिना जाँच के नहीं मानेंगे।”

आरोप पत्र के विषय में जानने के लिए सभी लोग मेज़ के आसपास इकट्ठा हो गए ,पहले पन्ने पर लिखा था—

मामला: राजवीर प्रताप के विरुद्ध पारिवारिक दस्तावेज़ों में हेरफेर और उत्तराधिकार संबंधी जानकारी छिपाने का आरोप।

मोहिनी ने आगे पढ़ा -दस्तावेज़ में दावा किया गया था कि राजवीर ने परिवार की संपत्ति से संबंधित मूल वसीयत गायब की और बच्चों की पहचान बदलने में सहायता की।लेकिन आरोप के साथ कोई ठोस प्रमाण नहीं था। केवल दो गवाहों के हस्ताक्षर थे।

एक हस्ताक्षर था—आर.पी.

दूसरा—एम.वी.

विक्रम ने कागज़ देखते ही कहा, “यह वही एम.वी. है ,जिसका उल्लेख पुराने रिकॉर्ड में है।”

भानु ने पूछा, “क्या यह किसी व्यक्ति का नाम है?“हो सकता है, लेकिन अभी हम नहीं जानते।”

मोहिनी ने आखिरी पन्ना पलटा ,उस पर एक छोटा-सा नोट लिखा था—“आरोप सिद्ध होने तक राजवीर प्रताप को मृत घोषित किया जाए। उनके उत्तराधिकारी से संबंधित सभी दस्तावेज़ अस्थायी रूप से रोक दिए जाएँ।”नीचे हस्ताक्षर थे— रत्न प्रताप।

मृणाल ने कागज़ देखते ही कहा - “रत्न प्रताप ने ऐसा क्यों किया होगा?”

विक्रम ने उत्तर दिया, “हो सकता है उसने किसी के दबाव में ऐसा किया हो, लेकिन हस्ताक्षर उसके हैं, तो इसकी जिम्मेदारी भी उसी की है।”

मोहिनी ने कहा, “मुझे अब किसी के इरादों का अनुमान नहीं चाहिए ,मुझे प्रमाण चाहिए।”उसी समय उसके फोन पर एक संदेश आया।अनजान नंबर से भेजे गए संदेश में लिखा था—

“राजवीर से मिलने पुराने रेलवे स्टेशन मत जाना। जिस व्यक्ति को तुम अपना पिता समझ रही हो, वह अकेला नहीं आएगा, और इस बार तुम्हारे साथ कोई ऐसा व्यक्ति होगा, जिसकी मौजूदगी तुमने कभी सोची भी नहीं होगी।”

'पुराने रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म की ',संदेश के नीचे एक तस्वीर थी ,उसमें राजवीर खड़ा था।उसके ठीक पीछे एक दूसरा व्यक्ति था, जिसका चेहरा स्पष्ट  दिखलाई नहीं दे रहा था।

मोहिनी ने तस्वीर ज़ूम की ,उस व्यक्ति के हाथ में लाल पत्थर वाली अंगूठी चमक रही थी।लेकिन असली चौंकाने वाली बात यह थी, कि तस्वीर के एक कोने में खड़ी महिला का चेहरा भी साफ दिखलाई दे रहा था।वह महिला मृणाल थी।

मोहिनी ने, धीरे से फोन अपनी माँ की तरफ बढ़ाया और पूछा “माँ... अगर आप यहाँ हैं, तो यह तस्वीर किस समय की है?”

मृणाल  ने तस्वीर देखी तो उसके चेहरे का रंग उड़ गया।“यह उसी रात की तस्वीर है, जब राजवीर को मृत घोषित किया गया था।”


laxmi

मेरठ ज़िले में जन्मी ,मैं 'लक्ष्मी त्यागी ' [हिंदी साहित्य ]से स्नातकोत्तर 'करने के पश्चात ,'बी.एड 'की डिग्री प्राप्त करने के पश्चात 'गैर सरकारी संस्था 'में शिक्षण प्रारम्भ किया। गायन ,नृत्य ,चित्रकारी और लेखन में प्रारम्भ से ही रूचि रही। विवाह के एक वर्ष पश्चात नौकरी त्यागकर ,परिवार की ज़िम्मेदारियाँ संभाली। घर में ही नृत्य ,चित्रकारी ,क्राफ्ट इत्यादि कोर्सों के लिए'' शिक्षण संस्थान ''खोलकर शिक्षण प्रारम्भ किया। समय -समय पर लेखन कार्य भी चलता रहा।अट्ठारह वर्ष सिखाने के पश्चात ,लेखन कार्य में जुट गयी। समाज के प्रति ,रिश्तों के प्रति जब भी मन उद्वेलित हो उठता ,तब -तब कोई कहानी ,किसी लेख अथवा कविता का जन्म हुआ इन कहानियों में जीवन के ,रिश्तों के अनेक रंग देखने को मिलेंगे। आधुनिकता की दौड़ में किस तरह का बदलाव आ रहा है ?सही /गलत सोचने पर मजबूर करता है। सरल और स्पष्ट शब्दों में कुछ कहती हैं ,ये कहानियाँ।

Post a Comment (0)
Previous Post Next Post