एक ऐसा रिश्ता उसके सामने आया ,जो कभी बना ही नहीं “तुम्हारी माँ से मेरा विवाह कभी हुआ ही नहीं था।”राजवीर के ये शब्द मोहिनी के कानों में लगातार गूँज रहे थे। फोन कट चुका था, लेकिन मोहिनी अब भी उसे कान से लगाए खड़ी थी। उसकी आँखों में आँसू थे और चेहरे पर ऐसे सवाल, जिनका उत्तर शायद उसके पूरे परिवार के पास भी नहीं था।
भानु ने उसके कंधे पर हाथ रखा -“मोहिनी , बैठ जाओ !”
“नहीं, भानु ! मैं अब और नहीं बैठ सकती। हर बार कोई नया सच सामने आता है और उसके साथ दस नए सवाल खड़े हो जाते हैं।”
उसने मृणाल की ओर देखा “माँ ! क्या पापा ने सच कहा था ? क्या आप दोनों का कभी विवाह नहीं हुआ था?”
मृणाल ने धीरे से सिर झुका लिया -“हाँ।”
मोहिनी कुछ क्षण उसे देखती रही ,“तो फिर मैं राजवीर की बेटी कैसे हुई ?”
मृणाल की आँखों से आँसू बह निकले ,“क्योंकि हर रिश्ता विवाह के बाद ही नहीं बनता, बेटी ! तुम्हारे जन्म से पहले राजवीर और मैं एक-दूसरे से प्रेम करते थे। हमने साथ जीवन बिताने का फैसला भी कर लिया था। लेकिन हमारे परिवारों ने उस रिश्ते को स्वीकार ही नहीं किया।”
“क्यों?”
“क्योंकि राजवीर का संबंध हवेली की संपत्ति और विरासत से था। मेरे परिवार को डर था कि अगर हमारा विवाह हुआ तो परिवार के भीतर सत्ता और संपत्ति का संतुलन बदल जाएगा और तुम्हारे दादाजी को लगता था कि यह रिश्ता पूरे परिवार को बाँट देगा।”
मोहिनी ने पूछा - “तब आपने ,नहीं आप दोनों ने विवाह किए बिना ही मुझे जन्म दे दिया?”
मृणाल ने उसकी आँखों में देखते हुए कहा, “हाँ, तुम हमारी बेटी हो, इसमें कोई संदेह नहीं।”
मोहिनी ने कुछ पल चुप रहने के पश्चात कहा—“लेकिन जब मैं पैदा हुई, तब आपने मुझे अपने पास क्यों नहीं रखा?”
मृणाल समझ नहीं पा रही थी ,कि इसे कैसे समझाऊं ?उस समय स्थितियां अनुकूल नहीं थीं।“क्योंकि उसी समय राजवीर पर एक गंभीर आरोप लगा था। उस पर हवेली के एक महत्वपूर्ण दस्तावेज़ को गायब करने और परिवार की संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड बदलने का आरोप लगाया गया था। मुझे बताया गया कि अगर मैं उसके साथ खड़ी हुई तो तुम्हें भी, उस विवाद में घसीट लिया जाएगा।”
और आपने उन पर विश्वास कर लिया? क्रोध से घूरते हुए मोहिनी ने पूछा।
“मैंने विश्वास नहीं किया था, लेकिन मेरे पास कोई ऐसा प्रमाण भी तो नहीं था, जिससे मैं उसे निर्दोष साबित कर पाती।”
मोहिनी की आवाज़ भर्रा गई ,“आप दोनों अपने-अपने डर में उलझे रहे और मैं अपने माता-पिता के बिना बड़ी होती रही।”
मृणाल ने उसकी ओर हाथ बढ़ाया, लेकिन मोहिनी ने अपना हाथ पीछे कर लिया।“मुझे थोड़ा समय चाहिए, माँ !”मृणाल ने सिर झुका लिया।
विक्रम ने कहा, “हमें राजवीर से दोबारा बात करनी चाहिए। इस बार केवल मोहिनी को, उससे बात करनी चाहिए।”
भानु ने भी सहमति में सिर हिलाया।
मोहिनी ने फोन उठाया और राजवीर के नंबर पर दोबारा कॉल किया।इस बार कॉल तुरंत उठ गया- “मोहिनी ?”
“मुझे आपसे बात करनी है, लेकिन इस बार कोई बात अधूरी नहीं रहनी चाहिए।”
“मैं समझ सकता हूँ।”
“आपने कहा,' कि आप मेरे पिता हैं।' मेरे पास इसका प्रमाण है लेकिन मैं यह जानना चाहती हूँ कि आप इतने वर्षों तक कहाँ रहे ?”
राजवीर ने एक लंबी गहरी साँस ली।“अठारह अगस्त 2001 की रात मुझे हवेली से बाहर कर दिया गया था। मेरे ऊपर आरोप लगाया गया -कि मैंने, तुम्हें और दूसरे बच्चों को परिवार से अलग करने की योजना बनाई थी।”
“यह आरोप किसने लगाया?”
“तुम्हारे दादाजी ने ,लेकिन बाद में मुझे पता चला कि उन्हें भी गलत जानकारी दी गई थी।”
“उनको किसने गलत जानकारी दी?”
“उस समय हवेली के भीतर कुछ लोग ऐसे थे जो नहीं चाहते थे कि तुम्हारी माँ और मैं एक साथ रहें। वे चाहते थे,' कि तुम्हारी पहचान छिपी रहे और तुम्हें परिवार की विरासत से दूर रखा जाए।”
मोहिनी ने पूछा, “क्या लाल अंगूठी वाला आदमी उनमें से एक है?”
कुछ क्षण खामोशी रही ,वह उस समय भी मौजूद था।”
“उसका नाम क्या है?”
“उसका नाम मैं अभी फोन पर नहीं बता सकता।”
मोहिनी का स्वर कठोर हो गया -“फिर वही बात! हर कोई नाम छिपाता है। क्या आप भी मुझे अपनी सुविधा के अनुसार सच बताएँगे?”
“नहीं, बेटी ! मैं नाम छिपाकर तुम्हें उलझाना नहीं चाहता, लेकिन उस आदमी का नाम लेने से पहले तुझे एक बात समझनी होगी।”
“क्या?”
“क्या वह अभी तुम्हारे साथ उसी कमरे में मौजूद है ?”
मोहिनी ने दरवाज़े की ओर देखा ,लाल अंगूठी वाला आदमी अब भी बाहर खड़ा था।
“वह बाहर खड़ा है।”
राजवीर की आवाज़ गंभीर हो गई।
“मोहिनी !उससे कोई कागज़ मत लेना , वह जो भी दिखाएगा, उसकी जाँच किए बिना उस पर विश्वास मत करना।”
मोहिनी ने तुरंत पूछा, “आपको उससे इतना खतरा क्यों है?”
“क्योंकि उसने एक बार मेरे नाम का इस्तेमाल करके ऐसा दस्तावेज़ तैयार कराया था, जिसके कारण मुझे अपनी ही बेटी से दूर होना पड़ा।”
“क्या उसने, आपको मर चुका घोषित किया था?”
“हाँ”
मोहिनी के हाथ ठंडे पड़ गए “क्या रत्न प्रताप जानते थे, कि आप जीवित हैं?”
“रत्न को तो बहुत बाद में पता चला कि सच्चाई क्या है ? शुरुआत में वह भी यही मानता था,' कि मैं मर चुका हूँ।”
“और राजू?”
राजवीर की आवाज़ धीमी हो गई ,“राजू को बचाने की कोशिश में ही मैंने तुम्हें खोया था।”
मोहिनी की आँखें भर आईं -“क्या राजू भी आपका बेटा है?”
“हाँ, वह भी तुम्हारा भाई है।”
मोहिनी ने गहन पीड़ा के कारण अपनी आँखें बंद कर लीं और पूछा -“तो फिर आपने हम दोनों को अलग क्यों होने दिया?”
“मैंने ऐसा नहीं चाहा था, लेकिन उस रात मुझे दो बच्चों में से एक को सुरक्षित स्थान पर पहुँचाने का मौका मिला। तब मैंने राजू को भेजा ,मुझे लगा था कि तुम्हारी माँ तुम्हें अपने पास रख पाएगी लेकिन अगले दिन मुझे पता चला कि तुम्हें भी हवेली से हटा दिया गया है।”
“और तीसरा बच्चा?”
राजवीर कुछ क्षण चुप रहा ,“उस बच्चे को लेकर जो रिकॉर्ड तुम्हें मिले हैं, वे अधूरे हैं। वह तुम्हारा भाई या बहन होने के कारण नहीं, बल्कि एक अलग पारिवारिक रहस्य के कारण छिपाया गया था। उसकी पहचान तुम्हारी जन्म-कहानी से जुड़ी जरूर है, लेकिन उसे तुम्हारे और राजू के साथ एक ही रिकॉर्ड में रखकर तुम्हें भ्रमित किया गया है ।”
मोहिनी ने तुरंत कहा, “मुझे ,अब किसी भ्रम में नहीं रहना, मुझे उस बच्चे की पहचान ही जाननी है।”
“जानोगी, लेकिन पहले तुम्हें अपने पिता की मौत का झूठ समझना होगा।”तभी फोन पर कुछ आवाज़ें सुनाई दीं।
राजवीर ने जल्दी से कहा, “मैं तुमसे, मिलने आ रहा हूँ, लेकिन किसी को मेरे आने की खबर मत देना।”
“आप कहाँ हैं ?”
“जहाँ से तुम्हें पहली बार देखने की कोशिश की थी।”
“वह जगह कौन-सी है?”
“पुराना रेलवे स्टेशन !”कॉल समाप्त हो गया।
