Dhokha [part 53]

नंदिनी ने, जब प्रतीक को देखा ,तो हैरान रह गयी। किन्तु दीपक ने उसका परिचय अपने दोस्त सौरभ के रूप में करवाया। नंदिनी को उसकी बातों पर विश्वास नहीं हो रहा था इसीलिए वो शांत थी। 

तभी अचानक नंदिनी ने दीपक से पूछा -तुम्हारा दोस्त कहाँ रहता है ?

कहाँ रहता है ? मतलब !


मैंने ऐसा क्या पूछ लिया ? जो तुम हड़बड़ा गए ,अरे ! उसका घर कहाँ है ?ये पूछ रही हूँ। 

क्यों ,क्या तुम उसके घर जाना चाहती हो ,अब तक दीपक अपने'' दिमाग़ के घोड़े दौड़ा रहा था।''इसे क्या बताये ? तब बोला -ओह !अच्छा तुम उसके परिवार से मिलना चाहती हो। पर... उसका परिवार यहां कहाँ है ? वो तो यूरोप में ही है ,यहाँ तो वो किसी होटल में ठहरा है। 

जब उसका परिवार और ये बाहर रहते हैं ,तो वो ,तुम्हारा दोस्त कैसे बना ? फिर यहां किससे मिलने आया है ?

दीपक को, नन्दिनी से इस तरह के सवालों की उम्मीद नहीं थी। वो...वो तो उसका परिवार पहले यहां भारत में ही रहता था ,तब से मेरा दोस्त है ,अटकते हुए दीपक ने जबाब दिया। कुछ वर्षों पहले ही वहां रहने गए हैं , पहले मेरे साथ ही पढ़ता था। 

कौन सा कॉलिज ?

तुम इस तरह से क्यों जाँच पड़ताल कर रही हो ? इतनी तो तुमने मेरी भी जाँच -पड़ताल नहीं की थी। क्या तुम्हें अभी भी यक़ीन नहीं है कि.... 

एक गहरी साँस लेते हुए नन्दिनी बोली - आजकल यही तो हो रहा है ,बिना जाँच पड़ताल के लोग रिश्ते बना लेते हैं और बाद में 'धोखा' खाकर बैठ जाते हैं या फिर जीवनभर उस 'धोखे 'को  जीते रहते हैं। नंदिनी ,सौरभ के विषय में बहुत कुछ पूछना चाहती थी किन्तु दीपक की झुंझलाहट देख चुप रह गयी। अच्छा ,तुम मुझे यहीं छोड़ दो !मैं चली जाउंगी। 

यहाँ कहाँ उतरोगी ?चलो, तुम्हें घर तक छोड़ देता हूँ। 

घर इतनी दूर भी नहीं है ,अब मैं चली जाउंगी ,कहते हुए गाड़ी से उतरी और आगे बढ़ चली। 

दीपक यह देखकर अचम्भित सा रह गया, नंदिनी ने गाड़ी से उतरकर एक बार भी उसे मुड़कर नहीं देखा ,न ही उसे साथ चलने के लिए कहा। उसके इस व्यवहार के कारण दीपक खीज़ गया  और अपनी गाड़ी मोड़ ली। उसे लग रहा था ,शायद मैंने प्रतीक को इससे मिलवाकर बहुत बड़ी गलती कर दी। 

इधर प्रतीक सोच रहा था  -मेरा विवाह तो तब भी मेरे घरवाले नंदिनी से नहीं करना चाहते थे। अब वो जीवन में आगे  बढ़ रही है ,तो मुझे भी आगे बढ़ जाना चाहिए। मेरा बेटा, मेरे घर पर पहुंच गया है ,उनके लिए मैं अपने बेटे के रूप में उनके साथ हूँ। पर मैं जाऊंगा कहाँ ? मन में प्रश्न उठा। यहॉं भी तो नहीं रह सकता ,कुछ काम भी नहीं कर सकता। मेरे जिंदा रहने का तो मेरे घरवालों को भी मालूम नहीं है। यदि मुझे नंदिनी ने पहचान भी लिया तब भी मैं विवाह करके उसके साथ नहीं रह सकता। 

तभी जोर की आवाज के साथ दरवाज़ा खुला। प्रतीक ने देखा ,तो सामने दीपक खड़ा था, उसके चेहरे पर क्रोध था। आते ही बोला -तुम जीत गए ,यही तो तुम चाहते थे ,लेकिन मैं तुम्हें जीतने नहीं दूंगा ,उसके लिए मैंने अपनी दोस्ती को दांव पर लगा दिया और वो अब इस तरह मुझसे दूर नहीं जा सकती। 

क्या हुआ ?प्रतीक ने पूछा। 

तुमने ,मुझे अपनी बातों के जाल में फंसा मुझे 'धोखा 'दिया। 

मैंने तुम्हें कोई धोखा नहीं दिया ,तुमसे एक शर्त रखी थी। शर्त भी क्या ? ये तो मेरे 'प्रेम की परीक्षा ''थी। 

तो तुम जीत गए। 

क्या वो मुझे पहचान गयी ?आश्चर्य से प्रतीक ने पूछा। 

पहचानी तो नहीं है, किन्तु मुझसे, तुम्हारी जाँच -पड़ताल कर रही थी। कहाँ से आया ? कैसे दोस्त बना ? मुझे लगता है, उसके मन में बहुत कुछ चल रहा है। गाड़ी से उतरकर उसने एक बार भी मुझे मुड़कर नहीं देखा और न ही घर पर बुलाया।

 मैं तो स्वयं ही उससे दूर जाना चाहता था। चाहता था ,वो पूरी तरह तुम्हारी बनकर रहे। 

झूठ ! अब वो मेरी नहीं बन पायेगी ,अब तुम प्रतीक बनकर , उसके मष्तिष्क में जो घुस गए हो। तुम बोलते कुछ और हो, तुम्हारे मन में कुछ और चल रहा होता है। तुम चाहते थे ,तुम उसके सामने जाओ और वो फिर से तुम्हारी बन जाये। तुम अपनी योजना में सफल हुए कहते हुए उसने गुस्से से ताली बजाई, किन्तु अब मैं ऐसा नहीं होने दूंगा, कहते हुए उसने अपनी रिवॉल्वर निकालकर प्रतीक पर तान दी। 

दीपक ! तुम होश में तो हो ,तुम ये क्या करने जा रहे हो ? घबराते हुए प्रतीक ने कहा -तुम मेरे दोस्त हो।  

मैंने एक बार पहले भी नंदिनी को खो दिया था ,उस समय मैं, उससे स्वतः ही दूर हो गया था किन्तु अब हम दोनों आगे बढ़ना चाहते थे ,तो तुम फिर से हमारे रास्ते में आ गए। तुम मुझे खुश देख ही नहीं सकते। 

तुम गलत सोच रहे हो ,पहले भी मुझे नहीं पता था ,तुम नंदिनी को पसंद करते हो और यदि मैं, तुम्हें अपना सच्चा दोस्त न समझता तो तुमसे इस तरह सहायता न मांगता। तुमने ,मुझसे एक बार कहा तो होता ,मैं पीछे हट जाता और अभी भी मैं तुम लोगों से दूर जाने का विचार कर ही रहा था। 

 तब उदास स्वर में बोला -'धोखा' तो तुमने मुझे दिया है ,मेरी परिस्थिति का लाभ उठाया। तुम उसके क़रीब पहुंच गए ,जबकि तुम जानते थे ,नंदिनी  तुम्हारे दोस्त के बच्चे की माँ बनने वाली है ,उसकी धरोहर है। गलती तुम्हारी भी नहीं है ,कहते हुए कुर्सी पर बैठा ,मेरे अपनों ने ही मुझे 'धोखा' दिया। तुमसे क्या गिला करना ?

प्रतीक की बातें सुनकर ,दीपक ने रिवॉल्वर हटाई और बोला - अब तुम यहां से चले जाओ ! हमारी ज़िंदगी से बहुत दूर.... वरना मुझे तुम्हें मारने में तनिक भी समय नहीं लगेगा। दुनिया की नजरों में तुम पहले ही मर चुके हो ,मुझ पर कोई केस भी नहीं बनेगा। 

मैं तो पहले से ही जीवन से हताश कहीं दूर चले जाना चाहता हूँ ,आज भी बैठा वही सोच रहा था -तुम लोगों से दूर चले जाना चाहता हूँ। 

प्रतीक की बातों पर धीरे -धीरे दीपक को विश्वास होने लगा और वो उससे बोला -तेरे और हमारे लिए यही सही रहेगा। मैं नहीं चाहता ,मेरे हाथों एक हत्या हो। तुम, हम सबसे दूर कहीं भी जा सकते हो। 

नंदिनी उदास जब अपने घर पहुंची तो माँ ने, उसके चेहरे को देखा और उससे पूछा- क्या हुआ है ?

कुछ नहीं ,कह कर वह अंदर ही जाने वाली थी तभी उसकी मां ने उसे रोक कर पूछा -तेरा चेहरा बता रहा है कुछ बात तो है , अब तेरा विवाह होने वाला है और तू इस तरह उदास क्यों है ? हो सकता है ,मैं उस समस्या का हल तुझे बता सकूं।  अब तू नई  जिंदगी में प्रवेश करने वाली है। कम से कम अपनी, बीती बातों को भु लाकर, आगे बढ़ सकती है । ऐसा न हो, तेरी हरकतों के कारण, तेरी जिंदगी फिर से परेशानी से भर जाए। 


laxmi

मेरठ ज़िले में जन्मी ,मैं 'लक्ष्मी त्यागी ' [हिंदी साहित्य ]से स्नातकोत्तर 'करने के पश्चात ,'बी.एड 'की डिग्री प्राप्त करने के पश्चात 'गैर सरकारी संस्था 'में शिक्षण प्रारम्भ किया। गायन ,नृत्य ,चित्रकारी और लेखन में प्रारम्भ से ही रूचि रही। विवाह के एक वर्ष पश्चात नौकरी त्यागकर ,परिवार की ज़िम्मेदारियाँ संभाली। घर में ही नृत्य ,चित्रकारी ,क्राफ्ट इत्यादि कोर्सों के लिए'' शिक्षण संस्थान ''खोलकर शिक्षण प्रारम्भ किया। समय -समय पर लेखन कार्य भी चलता रहा।अट्ठारह वर्ष सिखाने के पश्चात ,लेखन कार्य में जुट गयी। समाज के प्रति ,रिश्तों के प्रति जब भी मन उद्वेलित हो उठता ,तब -तब कोई कहानी ,किसी लेख अथवा कविता का जन्म हुआ इन कहानियों में जीवन के ,रिश्तों के अनेक रंग देखने को मिलेंगे। आधुनिकता की दौड़ में किस तरह का बदलाव आ रहा है ?सही /गलत सोचने पर मजबूर करता है। सरल और स्पष्ट शब्दों में कुछ कहती हैं ,ये कहानियाँ।

Post a Comment (0)
Previous Post Next Post