मृणाल ,कहती है -कि वो बच्चा किसी अपराध का हिस्सा नहीं था बल्कि वो उस अपराध का सबसे बड़ा प्रमाण था ,जिसे तुम्हारे परिवार वाले वर्षों से दबाये थे।
इससे पहले कि मोहिनी, कुछ समझ पाती, उससे पहले ही विक्रम ने अपनी जेब से एक पुराना कागज़ निकाला और सामने लाते हुए बताया -“यह वही अस्पताल का मूल रिकॉर्ड है। जो कागज़ आपके पास है, उसमें तीसरे बच्चे का नाम खाली छोड़ा गया है। लेकिन मूल रिकॉर्ड में एक नाम लिखा था।”उसने कागज़ मोहिनी के सामने रख दिया।कागज़ के बीचोंबीच स्याही से काटा हुआ एक नाम था। उसके नीचे लाल पेन से लिखा था—“पहचान बदल दी गई है। पुराने नाम का उल्लेख वर्जित है।”
मोहिनी ने, कागज़ को रोशनी की ओर किया। काटे गए नाम के कुछ अक्षर अब भी दिखाई दे रहे थे।“यह तो...”उसकी आवाज़ रुक गई।
भानु ने कागज़ अपने हाथ में लिया, उसने अक्षरों को ध्यान से पढ़ने की कोशिश की।“यह नाम किसी व्यक्ति का है या किसी का उपनाम है ?”
विक्रम ने कहा, “यह उस बच्चे का जन्म के समय रखा गया नाम था। बाद में उसे दूसरा नाम दिया गया। और फिर उसी दूसरे नाम को भी बदल दिया गया।”
मोहिनी ने ,बेचैनी से पूछा, “क्या वह नाम राजू था ?”
“नहीं।”
“आर्यन?”
“नहीं।”
“राघव मेहरा?”
विक्रम ने सिर हिलाया।“वह स्कूल में दर्ज कराया गया नाम था ,असली नाम इन तीनों से अलग था।”
मोहिनी ने कागज़ मेज़ पर रख दिया ,और हताश सी कुर्सी पर बैठते हुए पूछती है ,“तो क्या राजू और यह तीसरा बच्चा दोनों अलग-अलग हैं ?”इस बार कमरे में मौजूद सभी लोग चुप हो गए।यही वह सवाल था जिसका उत्तर अब तक कोई साफ-साफ नहीं दे रहा था।
विक्रम ने आखिरकार कहा—“हाँ, मोहिनी ! राजू और उस तीसरे बच्चे का रिकॉर्ड अलग था लेकिन दोनों को अलग करने की योजना एक ही रात बनाई गई थी। तुम्हारे सामने जो तीन बच्चों की कहानी रखी गई, उसमें कुछ सच था और कुछ जानबूझकर मिलाया गया था।”
मोहिनी ने माथे पर हाथ रख लिया ,“इसका मतलब हमें अब तक जो बताया गया, उसमें भी पूरा सच नहीं था।”
“बिल्कुल,” विक्रम ने कहा, “और इसी वजह से तुम्हें उस बच्चे की पहचान केवल किसी नाम से नहीं करनी चाहिए।”
भानु जो अब तक शांत था, उसके चेहरे पर तनाव अब स्पष्ट दिखलाई दे रहा था।उसने अपने तरीक़े से बात करनी आरम्भ की “विक्रम, एक बात बताओ ! तुमने कहा था,' कि तीसरा बच्चा आज भी परिवार के भीतर है।' क्या वो अब भी इस हवेली में रहता है?”
विक्रम ने तुरंत उत्तर नहीं दिया ,“वह इस हवेली में रहा है, लेकिन यह कहना गलत होगा कि वह हमेशा यहीं रहा।”
“और क्या वह जानता है कि उसकी पहचान बदल दी गई थी ?”
“नहीं, कम-से-कम मेरी जानकारी में तो नहीं।”
मोहिनी ने ,वो तस्वीर फिर से उठाई ,“इस तस्वीर में वह बच्चा खिड़की के पास बैठा है। उसके हाथ में काला धागा है। मुझे याद है, बचपन में एक बच्चा अक्सर अकेला बैठा करता था। वह बहुत कम बोलता था।”उसने आँखें बंद कीं।“एक दिन उसने मुझसे पूछा था—अगर किसी को अपना नाम पसंद न हो, तो क्या वह नया नाम रख सकता है ? मैंने उससे कहा था-' कि वह जो चाहे नाम रख सकता है।”
मोहिनी ने अपनी आँखें खोलीं- “क्या वह वही बच्चा था?”
विक्रम ने धीमे स्वर में कहा, “हाँ, तुमने उसे पहचाना था, लेकिन तब तुम दोनों इतने छोटे थे कि उस सवाल का मतलब नहीं समझ सके।”
“तो वह कौन है?”
विक्रम ने उसकी ओर देखा ,“उसका नाम जानने से पहले तुम्हें यह जानना होगा कि वह तुम्हारे सामने किस रिश्ते से रहा है ?”
तभी बाहर खड़े लाल अंगूठी वाले आदमी ने जोर से कहा—“बस करो, विक्रम! तुम उसे जितना उलझाओगे, उतना ही समय हमारे हाथों से निकलता जायेगा।”
विक्रम ने दरवाज़ा खोला दिया और बोला -“तुम्हें अंदर आने की इजाज़त नहीं है।”
लाल अंगूठी वाला आदमी हल्का-सा मुस्कराया ,“मुझे इजाज़त की जरूरत नहीं , जिस सच को तुम छिपा रहे हो, उसका आधा हिस्सा मेरे पास है।”उसने जेब से एक छोटा-सा लिफाफा निकाला और दरवाज़े के नीचे से भीतर सरका दियाऔर बाहर से ही चिल्लाकर बोला -“मोहिनी !इसे खोलकर देख लो , फिर तय करना कि तुम्हें विक्रम पर भरोसा करना है या मुझ पर।”
भानु ने लिफाफा उठाया, उसमें एक पुरानी तस्वीर और एक कागज़ था।तस्वीर में हवेली का वही कमरा दिखलाई दे रहा था, जहाँ तीन छोटे बिस्तर रखे थे।लेकिन इस तस्वीर में तीनों बिस्तरों पर बच्चे नहीं थे।दो बिस्तर खाली थे। तीसरे बिस्तर के पास एक व्यक्ति खड़ा था। उसका चेहरा कैमरे की ओर नहीं था, लेकिन उसके हाथ में वही चाँदी का लॉकेट था, जिस पर फूल का निशान बना था।
मोहिनी ने लॉकेट देखते ही अपनी माँ की ओर देखा ,और कह उठी -“माँ, यह तो आपका लॉकेट है!”
मृणाल की आँखों से आँसू बह निकले ,“हाँ, यह मेरा ही था।”
ये उस व्यक्ति के हाथ में कैसे पहुँचा?”
मृणाल ने काँपते स्वर में कहा—क्योंकि मैंने वह लॉकेट उस बच्चे को दिया था।”
मोहिनी ने ,तस्वीर को फिर से देखा ,क्या यह तस्वीर उस दिन की है, जब उसे हवेली में वापस लाया गया था?”
मृणाल ने सिर हिलाया ,“हाँ, लेकिन इसे देखकर यह मत समझना कि वह बच्चा उसी दिन से सुरक्षित था।”
विक्रम ने धीरे से जोड़ा, “और तस्वीर के पीछे जो लिखा है, वह उससे भी ज्यादा महत्वपूर्ण है।”
मोहिनी ने तस्वीर पलटी ,पीछे केवल एक वाक्य लिखा था—“जिस दिन मोहिनी अपने असली घर लौटेगी, उसी दिन तीसरे बच्चे को अपना नाम वापस मिलेगा।”नीचे तारीख थी—20 अगस्त 2001।
मोहिनी की साँस जैसे थम गई “यह किसने लिखा था?”
विक्रम ने उत्तर दिया—“तुम्हारे दादाजी ने।”
मोहिनी ने तस्वीर मेज़ पर रख दी , दादाजी तो जानते थे ,कि मैं एक दिन वापस आऊँगी?”
“हाँ,” विक्रम बोला, “और उन्होंने ही तीसरे बच्चे की पहचान छिपाने का आदेश दिया था।”
“लेकिन क्यों?”
विक्रम ने कहा, “क्योंकि उस बच्चे के नाम से परिवार की विरासत का एक ऐसा हिस्सा जुड़ा हुआ था, जिसे लेकर घर में संघर्ष शुरू हो सकता था। दादाजी चाहते थे कि जब तक तुम वापस न आ जाओ, कोई भी उस बच्चे का नाम सार्वजनिक न करे।”
“और तुमने उनका आदेश मान लिया?”
“हाँ।”
“तुमने मेरी रक्षा की या उस परिवार की संपत्ति की?”
विक्रम के पास कोई उत्तर नहीं था।
मोहिनी की आँखों में पहली बार उसके प्रति गहरा क्रोध दिखलाई दिया।
“तुम कहते रहे कि तुम मेरे रक्षक थे, लेकिन तुमने मेरी जिंदगी के सबसे जरूरी रिश्ते मुझसे छिपाए। मुझे यह भी नहीं पता था कि मेरी माँ जीवित हैं, राजू कहाँ है और मेरे बचपन में मेरे साथ कौन रहता था ?”
विक्रम ने सिर झुका लिया ,“मैं तुम्हारे सवालों से बच नहीं सकता।”
“और अब मैं भी तुम्हारे जवाबों का इंतजार नहीं करूँगी, जिस किसी ने भी ,मेरे परिवार को बिखेरा है, मैं उसका नाम जानकर रहूँगी।”
भानु उसके पास आकर खड़ा हो गया ,उसने मोहिनी का हाथ थामकर बोला -इस बार हम किसी के बताए रास्ते पर नहीं चलेंगे। जो भी सच होगा, हम खुद उसकी पुष्टि करेंगे।”
मोहिनी ने, उसकी ओर देखा ,उसके स्पर्श में उसे वह भरोसा मिला जिसकी उसे इस समय सबसे अधिक जरूरत थी।
तभी उसके पालक पिता ने मेज़ पर रखे अस्पताल के रिकॉर्ड को उठाया -“विक्रम, तुमने तो कहा था ,''कि तुम्हारे पास मूल दस्तावेज़ है लेकिन इस रिकॉर्ड में एक और बात है, जिसे तुमने जानबूझकर नहीं बताया।”
विक्रम ने उनकी ओर देखकर पूछा -“कौन-सी बात?”
पालक पिता ने कागज़ के नीचे बने हस्ताक्षर पर उँगली रख दी।
