Kiski dulhan [part 90 ]

 मोहिनी ,रूद्र और भानु के साथ सुहासिनी के बंगले में प्रवेश करती है। सुहासिनी ,मोहिनी को देखते ही ,अपने स्थान से उठ खड़ी हुईं और बोलीं - तुम तो बिल्कुल अपनी माँ जैसी दिखती हो ,कहते हुए उन्होंने,उसे  कुर्सी की तरफ बैठने का इशारा किया। 

कुर्सी पर न बैठते हुए मोहिनी ने पूछा, “क्या आप मेरी माँ को जानती हैं?”

“बहुत अच्छी तरह से  ,मैं तुम्हारी माँ को ही नहीं, राजू को भी अच्छे से जानती हूँ। ''कहते हुए सुहासिनी ने धीरे से 'हाँ 'में सिर हिलाया।


“तो फिर बताइए ! राजू को , हमसे किसने अलग किया?”

सुहासिनी ने कुर्सी पर बैठते हुए कहा, “उसे अलग करने का निर्णय मृणाल ने लिया था।”

मोहिनी का चेहरा एकदम सफेद पड़ गया ,क्या मेरी माँ ने?”

“लेकिन वह निर्णय उसने अपनी इच्छा से नहीं लिया,' था। उसे बताया गया था कि अगर उसने ऐसा नहीं किया, तो तीनों बच्चों में से कोई भी सुरक्षित नहीं रहेगा।”

“तीनों बच्चों से आपका मतलब मैं, भानु और राजू हैं?”

“हाँ।”

भानु ने पूछा, “लेकिन हम तीनों को अलग करने की ज़रूरत ही क्यों थी?”

सुहासिनी ने कुछ देर सोचकर जवाब दिया—“क्योंकि किसी को पता चल गया था कि तुम तीनों के जन्म और पहचान से जुड़ा एक ऐसा रिकॉर्ड मौजूद है, जो परिवार की कई पीढ़ियों के अपराध उजागर कर सकता है।”

रूद्र  ने पूछा, “ऐसा कौन-सा रिकॉर्ड था ?”

सुहासिनी ने उनकी तरफ देखा और कहना आरम्भ किया -“वो रिकॉर्ड अस्पताल में बनाया गया था। तीन बच्चों के जन्म का विवरण एक ही रजिस्टर में था, लेकिन बाद में उसमें उनके नाम बदल दिए गए। एक बच्चे को दूसरे परिवार का बताया गया, दूसरे को मृत घोषित किया गया और तीसरे के जन्म की तारीख तक बदल दी गई।”

मोहिनी ने काँपती आवाज़ में पूछा, “क्या मैं उनमें से एक हूँ?”

“हाँ।”

“और राजू?”

“वह भी।”

भानु ने तुरंत पूछा, “तीसरा कौन था?”

सुहासिनी ने उत्तर देने से पहले मोहिनी की ओर देखा और बोली -यह बात तुम्हें मृणाल से पूछनी चाहिए थी ।”

मोहिनी ने पूछा “मेरी माँ कहाँ हैं?”

सुहासिनी ने कुछ पल चुप रहने के पश्चात जवाब दिया—“वह जीवित हैं।”

मोहिनी की जैसे साँस अटक गई ,क्या आपको पता है ,अब वह कहाँ हैं?”

“हाँ, लेकिन उनसे मिलने से पहले, तुम्हें एक बात जाननी होगी। जिस व्यक्ति को तुम इतने सालों से अपना रक्षक समझती आई हो, उसी ने मृणाल को तुमसे मिलने से रोका था।”

मोहिनी ने तुरंत पूछा, “वह कौन हो सकता है ?”

सुहासिनी ने भानु की ओर देखा और फिर रूद्र की तरफ और अंत में बहुत धीमे स्वर में बोलीं—“तुम्हारे दादाजी !”कमरे में अचानक खामोशी छा गई। मोहिनी के मन में एक साथ कई सवाल उठे।

अगर उसके दादाजी ने, उसकी माँ को उससे मिलने से रोका था, तो क्या वे उसे बचा रहे थे या उससे कोई सच छिपा रहे थे? और अगर मृणाल जीवित थीं, तो इतने वर्षों तक वह कहाँ थीं ?वो तो मुझसे सुरंग में भी मिली थी ,फिर न जाने अचानक कैसे ग़ायब हो गयी ?

सुहासिनी ने मेज़ की दराज़ खोली और एक पुरानी तस्वीर बाहर निकाली।

तस्वीर में मृणाल थीं, उनके साथ एक छोटा बच्चा था, जिसकी कलाई पर लाल धागा बँधा हुआ था।

मोहिनी  ने ,उनके हाथ से तस्वीर ले ली और उसे देखा ,वह बच्चा राजू था ,लेकिन तस्वीर के पीछे लिखी तारीख ने उसके सारे सवाल बदल दिए। 18 अगस्त 2001 — रात 11:45 उसके नीचे मृणाल की लिखावट में एक पंक्ति थी—“तीसरा बच्चा अभी भी हवेली में है। उसे बचाने के लिए मोहिनी को वापस लाना होगा।”मोहिनी ने तस्वीर से नज़र उठाई और पूछा -“तीसरा बच्चा… अभी भी हवेली में है,क्या ये बात सही हो सकती है ?”

सुहासिनी ने सिर हिलाया -“हाँ ,और मोहिनी, तुम्हें शायद यह सुनकर विश्वास न हो, लेकिन तुमने उस बच्चे को कई बार देखा है।”

भानु ने पूछा, “कौन है, वह?”

सुहासिनी ने जवाब देने के बजाय मोहिनी का हाथ पकड़ लिया ,“इसके लिए तुम्हें अपनी माँ से मिलना होगा क्योंकि तीसरा बच्चा कोई ऐसा व्यक्ति नहीं, जिसे तुम ढूँढ़ रही हो…”वो कुछ पल रुकीं।“वह ऐसा व्यक्ति है, जिसे तुम पहले ही अपने परिवार का हिस्सा मान चुकी हो।”

मोहिनी का दिल तेज़ी से धड़कने लगा ,क्या मैं उसे जानती हूँ ? मन ही मन उसे घबराहट हुई ,उसने भानु की तरफ  देखा। भानु की आँखों में भी वही सवाल था।

और तभी सुहासिनी ने एक अंतिम बात कही— तुम्हारी माँ ने राजू को तुमसे दूर किया था, लेकिन तीसरे बच्चे को बचाने के लिए उसने जिस व्यक्ति पर भरोसा किया था… उसी व्यक्ति ने बाद में, तुम्हारी शादी भानु  से करवाने में अपनी अहम भूमिका निभाई।”

मोहिनी  के अधर काँप उठे ,“कौन था वह?”

सुहासिनी ने उत्तर दिया—“विक्रम !”

 विक्रम !यह नाम सुनकर मोहिनी कुछ क्षणों तक सुहासिनी का चेहरा देखती रह गयी। ऐसा कैसे हो सकता है ? मोहिनी के चेहरे पर अविश्वास उभर आया,उसने वह नाम दुहराया  -विक्रम, जो कई बार हमारी सहायता  कर चुका है। विक्रम, जो पुराने अस्पताल के रिकॉर्ड लेकर आया था। वही विक्रम, जिसने उनकी शादी के पीछे की साजिश का सच हमें बताया था।क्या वह वास्तव में उनकी सहायता कर रहा था, या फिर किसी बड़ी योजना का हिस्सा था ?आज उसका नाम ऐसे फ़ैसले से जुड़ गया था ,जिसने तीन बच्चों की ज़िंदगी ही बदल दी थी। 

मोहिनी ने तस्वीर को कसकर पकड़ लिया।अब उसे केवल अपनी माँ से ही नहीं मिलना था। उसे विक्रम से भी जवाब चाहिए थे ,क्योंकि अगर सुहासिनी सच कह रही थीं, तो इस पूरी कहानी में एक नया सवाल खड़ा हो चुका था—क्या विक्रम ,मोहिनी का रक्षक था या उस षड़यंत्र का सबसे पुराना हिस्सा, जिसने उसकी पूरी ज़िंदगी ही बदल दी थी। 

“आप कह रही हैं ,'कि विक्रम ने मेरी शादी भानु से करवाने में अहम भूमिका निभाई?” मोहिनी ने पूछा।

सुहासिनी ने गंभीरता से सिर हिलाया ,'हाँ मैं सही कह रही हूँ कि उसने उस व्यवस्था में हिस्सा लिया था, जिसके तहत तुम्हें, इस हवेली में वापस लाना था।”

भानु ने तुरंत प्रश्न किया , “आप किस व्यवस्था की बात कर रही हैं?”

“मृणाल ने उसे एक जिम्मेदारी सौंपी थी उसे तुम्हारी और मोहिनी की सुरक्षा देखनी थी, लेकिन समय के साथ वह इस परिवार के बड़े लोगों के फैसलों में शामिल होता चला गया।”

यह सच्चाई सुनकर रूद्र  को भी बहुत क्रोध आया कि विक्रम ने ही मेरी ज़िंदगी को तहस -नहस किया ,तीखे स्वर में उसने कहा, “आप मुझे ठीक से समझाइये ! क्या विक्रम ने जानबूझकर मोहिनी की शादी मुझसे नहीं होने दी ?”

“इसका जवाब मेरे पास नहीं है।”

“लेकिन आपने अभी कहा,' कि उसने भानु से मोहिनी की शादी करवाने में अहम भूमिका निभाई।”

रूद्र के तेवर देखकर वो बोलीं - दोनों बातें एक जैसी नहीं हैं, रूद्र ! हो सकता है, उसने तुम्हारी शादी रुकवाने की साजिश में हिस्सा न लिया हो, लेकिन उसने बाद में हुए विवाह को स्वीकार किया हो और यह भी संभव है कि उसे लगा हो कि यही मोहिनी की सुरक्षा का एकमात्र उपाय है।”

मोहिनी ने मेज़ पर तस्वीर रख दी और नाराज होते हुए बोली -मुझे अब किसी की मजबूरी की कहानी नहीं सुननी। मैं सिर्फ यह जानना चाहती हूँ, कि मेरी माँ कहाँ हैं ?”


laxmi

मेरठ ज़िले में जन्मी ,मैं 'लक्ष्मी त्यागी ' [हिंदी साहित्य ]से स्नातकोत्तर 'करने के पश्चात ,'बी.एड 'की डिग्री प्राप्त करने के पश्चात 'गैर सरकारी संस्था 'में शिक्षण प्रारम्भ किया। गायन ,नृत्य ,चित्रकारी और लेखन में प्रारम्भ से ही रूचि रही। विवाह के एक वर्ष पश्चात नौकरी त्यागकर ,परिवार की ज़िम्मेदारियाँ संभाली। घर में ही नृत्य ,चित्रकारी ,क्राफ्ट इत्यादि कोर्सों के लिए'' शिक्षण संस्थान ''खोलकर शिक्षण प्रारम्भ किया। समय -समय पर लेखन कार्य भी चलता रहा।अट्ठारह वर्ष सिखाने के पश्चात ,लेखन कार्य में जुट गयी। समाज के प्रति ,रिश्तों के प्रति जब भी मन उद्वेलित हो उठता ,तब -तब कोई कहानी ,किसी लेख अथवा कविता का जन्म हुआ इन कहानियों में जीवन के ,रिश्तों के अनेक रंग देखने को मिलेंगे। आधुनिकता की दौड़ में किस तरह का बदलाव आ रहा है ?सही /गलत सोचने पर मजबूर करता है। सरल और स्पष्ट शब्दों में कुछ कहती हैं ,ये कहानियाँ।

Post a Comment (0)
Previous Post Next Post