Kiski dulhan [part 85]

आख़िरकार हवेली के मुख्य द्वार तक तीसरा बच्चा पहुंच ही गया था ,वो अंदर प्रवेश करने ही वाला था तभी अचानक ठिठक गया। जब उसने ,मोहिनी के पीछे देखा , जहाँ सीढ़ियों के पास रत्न प्रताप पहले से ही खड़े हुए थे। उसको देखकर ,उनके चेहरे पर कोई आश्चर्य नहीं था। जैसे उन्हें पहले से ही पता हो, कि यह युवक आज आएगा। राजू ने उन्हें देखते ही, एक कदम पीछे खींच लिया। तब रत्न प्रताप से बोला -आपने कहा था, कि वह यहाँ नहीं होगा। ”

रत्न प्रताप ने शांत स्वर में कहा, “मैंने कहा था- कि वह तुम्हें पहचान नहीं पाएगा।”

“लेकिन 'मैं 'तो उसे पहचानता हूँ। ”


भानु  ने ,तुरंत रत्न प्रताप की ओर देखा और आगे बढ़कर पूछा -क्या आप इस लड़के को जानते हैं?”

रत्न प्रताप ने कोई जवाब नहीं दिया ,मोहिनी ने उनके सामने आकर पूछा- “आपने कहा था राजू को राजवीर के पास आखिरी बार देखा गया था, फिर आपने यह क्यों नहीं बताया,' कि वह आपके सामने भी आ चुका है?”

“क्योंकि मैं यह निश्चित नहीं कर पाया था कि यह वही है।”

राजू कड़वाहट से हँसा -“झूठ ! आप मुझे पहले से ही पहचानते थे, आपने ही मुझसे ,उस दिन कहा था-' कि अगर मैं मोहिनी दीदी के सामने गया, तो सबकी जान खतरे में पड़ जाएगी।”

मोहिनी  ने रत्न प्रताप की तरफ देखा ,“क्या ये सच कह रहा है?”

रत्न प्रताप ने पहली बार नज़रें झुका लीं ,“हाँ मैंने इसे रोका था, लेकिन इसकी वजह तुम्हें नुकसान पहुँचाना नहीं थी।”

“तो फिर क्या वजह थी ?झुंझलाते हुए मोहिनी ने पूछा। ”

“क्योंकि तुम्हारे सामने आते ही, वह व्यक्ति भी बाहर आ जाता, जो इतने वर्षों से, इसकी तलाश कर रहा है।”

राजू ने तुरंत कहा -“आ नहीं जाता ,वह व्यक्ति बाहर आ चुका है।”उसकी बात सुनकर कमरे में सन्नाटा छा गया।

रूद्र आगे बढ़ा ,“कौन है ?वो ! कहीं वो लाल पत्थर वाली अंगूठी पहनने वाला आदमी तो नहीं ?”

राजू ने उसकी तरफ देखा और हैरत से पूछा -क्या आप उसे जानते हैं?”

“हम उससे मिल चुके हैं।”

राजू के चेहरे का रंग बदल गया ,इसका मतलब वो यहाँ तक पहुँच गया…चिंतित स्वर में बोला। ”

भानु ने दरवाज़ा थोड़ा और खोलते हुए कहा -“पहले अंदर आओ ! बाहर खड़े होकर बात करना सुरक्षित नहीं है।”

राजू ने भीतर कदम रखा, लेकिन उसकी नज़रें लगातार मुख्य दरवाज़े के बाहर लगी, सड़क पर थीं, जैसे उसे किसी के आने का डर हो।

मोहिनी  ने तुरंत दरवाज़ा बंद किया और बोली -अब तुम ,मुझे सब विस्तार से बताओ ! तुम्हें कहाँ ले जाया गया था ? इतने सालों तक तुम कहाँ थे और तुमने, मुझे इतने वर्षों तक खोजा क्यों नहीं?”

मोहिनी के सवालों के बदले राजू ने जेब से एक पुराना लिफाफा निकाला ,उस पर तारीख लिखी थी—18 अगस्त 2001।

मोहिनी ने जब उस तारीख़ को देखा ,उसके हाथ काँपने लगे ,काँपते हाथों से उसने वो लिफाफा लिया और पूछा - यह क्या है?”

“उस रात का आखिरी आदेश ! मुझे यह तब दिया गया था, जब मुझे हवेली से बाहर ले जाया गया था । मुझसे कहा गया था,' कि इसे तब तक नहीं खोलना, जब तक मैं आपको दोबारा न देख लूँ।”

रूद्र ने लिफाफे को ध्यान से देखा और बोला - यह बंद तो है ,क्या तुमने इतने सालों से इसे खोला ही नहीं?”

“नहीं, लेकिन आज खोलना चाहता हूँ।”

मोहिनी ने लिफाफा पलटा , पीछे मोम की पुरानी मुहर लगी थी। उस पर वही फूल बना था, जो बचपन के कमरे के तीसरे बिस्तर पर बना हुआ था।

भानु ने जैसे आदेश दिया -“इसे यहीं खोलो !”

राजू ने सिर हिलाया ,हाँ खोलता हूँ किन्तु एक शर्त पर....”

“अब ये कौन-सी नई शर्त रख रहे हो ?”रूद्र  ने कठोर स्वर में पूछा।

राजू ने मोहिनी की ओर देखकर बोला -“यह पत्र पढ़ने के पश्चात आप, मुझसे एक सवाल पूछेंगी और मैं उसका जवाब दूँगा, लेकिन जवाब सुनने के पश्चात आप मुझे अपने भाई की तरह स्वीकार करेंगी या नहीं, यह फैसला आपका होगा।”

मोहिनी ने, उसकी आँखों में देखकर कहा -“मुझे तुम्हें स्वीकार करने के लिए किसी पत्र की ज़रूरत नहीं है, राजू ! तुम मेरे बचपन का हिस्सा हो। तुम चाहे जिस भी नाम से जिए हो, मेरे लिए तुम वही 'राजू 'हो।”

मोहिनी की बात सुनकर युवक की आँखों से आँसू बह निकले।उसने धीरे से कहा—“काश  दीदी…! बात इतनी आसान होती।”

मोहिनी ने लिफाफा खोला ,अंदर एक ही पन्ना था, लिखावट पुरानी थी, लेकिन शब्द स्पष्ट थे—“तीसरे बच्चे को सुरक्षित रखने के लिए उसे परिवार से दूर करना आवश्यक है। उसे यह विश्वास दिलाया जाए कि मोहिनी, उसे छोड़ चुकी है। जब तक दोनों एक-दूसरे को अपना मानेंगे, तब तक परिवार का छिपा हुआ अपराध सामने नहीं आएगा। नीचे किसी के हस्ताक्षर नहीं थे।केवल तीन अक्षर लिखे थे—M. R. V.

मोहिनी ने वो पन्ना भानु को पकड़ा दिया ,“ये अक्षर…देखकर क्या साबित हो सकता है ?”

भानु ने धीरे से पढ़ा, “एम. आर. वी.”

रूद्र ने तुरंत कहा, “यह M.V. वाले रिकॉर्ड से जुड़ा हो सकता है।”

रत्न प्रताप  ने पन्ना देखने के लिए  एक कदम आगे बढ़ाया -“यह पत्र मुझे दो !”किन्तु मोहिनी ने पन्ना पीछे कर लिया।“क्यों , इसमें ऐसा क्या लिखा है ? जिसे आप हमसे छिपाना चाहते हैं?”

रत्न प्रताप ने पहली बार अपना संयम खोया,और लगभग चिल्लाते हुए बोला -“क्योंकि यह पत्र उस व्यक्ति ने लिखा था, जिसने तीनों बच्चों को अलग करने का आदेश दिया था और अगर इसके हस्ताक्षर का असली अर्थ सामने आ गया, तो इस हवेली में किसी पर भी भरोसा नहीं किया जा सकेगा।”

तभी राजू ने धीमी आवाज़ में कहा—इन हस्ताक्षरों का अर्थ, मैं जानता हूँ।”सबकी नज़रें उसकी ओर उठीं।

“तो बताओ ! भानु ने कहा।

राजू ने कुछ पल चुप रहकर जवाब दिया—ये किसी इंसान के नाम के शुरुआती अक्षर नहीं हैं। ये तीन शब्द हैं—माँ, राज और विरासत।”

मोहिनी के हाथ से पत्र लगभग छूट गया और दुबारा उन्हीं शब्दों को दोहराया -“माँ… राज… विरासत ?”

राजू ने सिर हिलाया और उसने बताया और इन तीनों को जोड़ने वाला व्यक्ति आज भी इसी परिवार में मौजूद है।”

मोहिनी ने, रत्न प्रताप की ओर देखा और फिर भानु और रूद्र की ओर....“कौन है ?वो !”

राजू ने जवाब देने के लिए मुँह खोला ही था ,कि हवेली की सारी लाइटें एक साथ बुझ गईं।तभी अँधेरे में किसी के भागने की आवाज़ आई।फिर ऊपर की मंज़िल से काँच टूटने की तेज़ आवाज़ गूँजी।

भानु  ने तुरंत मोहिनी को अपनी तरफ खींच लिया और सभी को सचेत करते हुए बोला - सब लोग यहीं रहो !”कुछ सेकंड पश्चात आपातकालीन रोशनी जल उठी किन्तु वहां राजू नहीं था।उन्होंने चारों तरफ देखा ,मुख्य दरवाज़ा भी भीतर से बंद था, खिड़कियाँ भी बंद थीं ,लेकिन जिस मेज़ पर वह लिफाफा रखा हुआ था, वहाँ अब केवल लकड़ी की टूटी हुई चिड़िया पड़ी थी। उसके नीचे एक नया कागज़ रखा था।मोहिनी ने उसे उठाया।उस पर सिर्फ एक वाक्य लिखा था—“राजू को ढूँढ़ना बंद करो ! वह तुम्हारे सामने था, लेकिन तुमने फिर से उसे खो दिया और नीचे एक समय लिखा था—रात्रि  2:00 बजे !



laxmi

मेरठ ज़िले में जन्मी ,मैं 'लक्ष्मी त्यागी ' [हिंदी साहित्य ]से स्नातकोत्तर 'करने के पश्चात ,'बी.एड 'की डिग्री प्राप्त करने के पश्चात 'गैर सरकारी संस्था 'में शिक्षण प्रारम्भ किया। गायन ,नृत्य ,चित्रकारी और लेखन में प्रारम्भ से ही रूचि रही। विवाह के एक वर्ष पश्चात नौकरी त्यागकर ,परिवार की ज़िम्मेदारियाँ संभाली। घर में ही नृत्य ,चित्रकारी ,क्राफ्ट इत्यादि कोर्सों के लिए'' शिक्षण संस्थान ''खोलकर शिक्षण प्रारम्भ किया। समय -समय पर लेखन कार्य भी चलता रहा।अट्ठारह वर्ष सिखाने के पश्चात ,लेखन कार्य में जुट गयी। समाज के प्रति ,रिश्तों के प्रति जब भी मन उद्वेलित हो उठता ,तब -तब कोई कहानी ,किसी लेख अथवा कविता का जन्म हुआ इन कहानियों में जीवन के ,रिश्तों के अनेक रंग देखने को मिलेंगे। आधुनिकता की दौड़ में किस तरह का बदलाव आ रहा है ?सही /गलत सोचने पर मजबूर करता है। सरल और स्पष्ट शब्दों में कुछ कहती हैं ,ये कहानियाँ।

Post a Comment (0)
Previous Post Next Post