Dhokha [part 52]

नंदिनी ,मन ही मन सोच रही थी ,प्रतीक ने मुझे पहचाना क्यों नहीं ? मैं उसकी अपनी नंदिनी हूँ जिसे वो प्रेम करता था।  अचानक ही उसने प्रतीक का हाथ पकड़ लिया और उसकी तरफ देखने लगी। 

यह देखकर ,दीपक को बुरा लगा और सोचने लगा ,आखिर ये क्या करना चाहती है ? तब दीपक अचानक बोल उठा  -  नंदिनी ! हाँ ,हाँ इसने, तुम्हें गिरने से बचा लिया। तुम इनका' धन्यवाद' करना चाहती हो। प्रतीक ने एक बार भी मुड़कर नंदिनी को नहीं देखा। नंदिनी को नजरअंदाज करके आगे बढ़ गया। यह देखकर नंदिनी को बहुत आश्चर्य हुआ कि प्रतीक ने मुझे पहचाना क्यों नहीं ? उसकी आँखों से आंसू बह चले। 


तब  दीपक ,नंदिनी के करीब आकर उसके हाथ को अपने हाथों में लेकर सहलाते हुए पूछता है- नंदिनी तुम्हें क्या हो गया था ? चलो ! डॉक्टर को दिखाने चलते हैं। 

नहीं ,अब मैं ठीक हूँ ,कहकर नंदिनी उठी ,दीपक उसका हाथ पकड़कर आगे बढ़ता है ,किन्तु नंदिनी की नजरें प्रतीक को ढूंढ रहीं थीं। 

 कॉफी शॉप में तुम दोनों क्या कर रहे थे ? जब इनकी तबियत ठीक नहीं है,तो तुम इन्हें यहाँ क्यों ले आये ? एक स्वर उभरा ,नंदिनी ने इधर -उधर देखा ,सामने की कुर्सी पर प्रतीक ही बैठा हुआ था। उसके ह्रदय को जैसे ठंडक मिली हो। प्रतीक की उपस्थिति कई सवाल लिए थी, तो दूसरी तरफ उसके मन को राहत का एहसास भी दिला रही थी। 

दीपक भी उधर ही चल दिया, उसके समीप ही एक कुर्सी पर नंदिनी को बैठाते  हुए ,दीपक स्वयं भी बैठने लगा ,किन्तु तब तक नंदिनी के ह्रदय की धड़कनें तीव्र होती चलीं गयीं। उसकी समझ में नहीं आ रहा था कि आख़िर दीपक क्या करना चाहता है ? कहीं मेरे लिए प्रतीक को ढूंढकर तो नहीं लाया ,क्या ये प्रतीक को पहले से जानता है  ? ''चोर नजरों से ''उसने प्रतीक की तरफ देखा ,अंदर से उसका ह्रदय रो रहा था। ऐसा लग रहा था ,जैसे उसके तन में प्राण ही न रहें हों। 

तभी दीपक का स्वर गूंजा ,थैंक्स यार ! तूने इसे बचाया। 

इसमें थैंक्स केेसा ? कोई और भी होता तो मैं ,उसके लिए भी यही करता। ये तो तेरी बीवी है। 

तभी नंदिनी बोल उठी - नहीं ,अभी हमारा विवाह नहीं हुआ है। उसने दीपक से पूछा -क्या तुम इन्हें जानते हो ? उसने सोचा था -ये भला प्रतीक को कैसे जानता होगा ? कभी उसे देखा नहीं होगा ,उसके मन मस्तिष्क में विचारों का अंधड़ मचा था। इससे पहले कि वो कुछ और सोच पाती। 

दूसरी तरफ दीपक भी ,प्रतीक का परिचय देने के लिए उतावला था ,नंदिनी और दीपक में जैसे प्रतीक को लेकर क़शमक़श चल रही थी। नंदिनी से पहले ही, दीपक ने कहा -नन्दिनी ! इससे मिलो ! ये मेरा दोस्त 'सौरभ' है।

क्या ?नंदिनी ने ,दीपक की तरफ देखा ,उसे तो जैसे विश्वास ही नहीं हुआ। तुम्हारा दोस्त !अटकते हुए उसने पूछा। 

हाँ ,मेरा दोस्त सौरभ !जो अभी कुछ दिनों पहले यूरोप से आया है।  

ये कैसे हो सकता है ? नंदिनी यह कहते हुए कुर्सी से उठ खड़ी हुई। 

क्या, कैसे हो सकता है ?अनजान बनते हुए दीपक ने पूछा। 

मुझे लगता है ,इनकी तबियत ठीक नहीं ,अभी मैं चलता हूँ ,इन्हें डॉक्टर को दिखाइए ! फिर कभी मिलने आ जाऊंगा, कहकर  वो तेजी से बाहर निकल गया।

 उसे जाते देख नंदिनी को लगा जैसे ये मेरे जीवन में फिर से हलचल मचाने आया है। प्रतीक इतनी बेरुख़ी कैसे दिखला सकता है ? यदि वो प्रतीक नहीं होता तो इस तरह मुझे नहीं संभालता। ये सौरभ नहीं, प्रतीक ही है ,नंदिनी अपने आपको विश्वास दिला रही थी। 

मुझे लगता है ,आज तुम्हारी तबियत ठीक नहीं है ,आओ ! घर चलते हैं। 

दीपक ! नंदिनी बोली। 

हम्म्म्म क्या तुमने कभी प्रतीक को देखा है। 

प्रतीक ,कौन ? प्रतीक !

क्या इतनी जल्दी भूल गए ? वो मेरा......कहकर कुछ क्षण ठहर गयी,जैसे उसके शब्द वजनी हो गए हों ,तब बोली -मेरे नितिन के पिता..... 

प्रतीक एक जगह खड़ा होकर किसी से बातें कर रहा था ,नंदिनी बोली -वो देखो !वो प्रतीक ही तो सामने खड़ा है। 

क्या तुम्हें पक्का यकीन है, कि वह प्रतीक है? दीपक ने उससे प्रश्न किया।वो तो मेरा दोस्त  'सौरभ' है ,जो विदेश से आया है। 

हां, हां मैं विश्वास के साथ कह सकती हूं कि वह प्रतीक ही है। 

तुम्हें कैसे लगा ?यदि वो प्रतीक होता तो वो तुम्हें पहचान नहीं लेता।

 मैं नहीं जानती, उसने मुझे पहचाना क्यों नहीं ?

तुमने तो कहा था -अब प्रतीक इस दुनिया में नहीं रहा और उसका भाई जेल की हवा खा रहा है।  

हाँ ,कहा तो था, उदास होते हुए नंदिनी बोली- इसलिए तो हैरान हूँ। 

तुम व्यर्थ में परेशान हो रही हो ,वो प्रतीक नहीं ,सौरभ ही है। क्या तुमने दो हमशक़्ल वालों का नाम सुना है ?

हाँ ,

बस ऐसा ही कुछ समझ लो ! प्रतीक क्या कभी यूरोप गया था ?

नहीं, असमंजस की स्थिति में नंदिनी बोली।  

बस तो... अब निर्णय हो गया ,वो प्रतीक नहीं ,सौरभ  है ,जो मेरा दोस्त है। अब ज्यादा मत सोचो ! वो मुझसे मिलने आया था किन्तु तुम्हारी हालत देख घबराकर चला गया। नंदिनी को चुप देखकर ,दीपक उसे फिर से समझाने लगा। वो यहां कैसे आएगा ? यदि वो  वास्तव में प्रतीक होता तो तुम्हें मेरे साथ देखकर नाराज नहीं होता। 

आओ ! चलते हैं, कहते हुए नंदिनी उठ खड़ी हुई किन्तु उसका मौन अब दीपक को बेचैन किये दे रहा था। तब बोला  -यदि वह  प्रतीक है ,नंदिनी ने उसकी तरफ देखा। मेरे कहने का मतलब है ,यदि तुम्हें वो प्रतीक लग रहा है ,तो मैं तुम्हें रोकूंगा नहीं, तुम जाकर एक बार उससे मिल सकती हो। अपनी धड़कनों को क़ाबू में करते हुए दीपक बोला -किंतु एक बात ध्यान रखना, तुम ही ने मुझे बताया था कि  प्रतिक मर चुका है ,वो अब इस दुनिया में नहीं है ,फिर वो  यहां कैसे आ गया ? 

मैंने ख़बर ही सुनी थी ,उसको देखा नहीं था क्योंकि मेरी तबियत ही बिगड़ गयी थी। प्रतीक से मिलने की चाहत में ,उत्साहित होते हुए जैसे ही नंदिनी कदम आगे बढ़ा रही थी, अचानक ही उसके कदम वहीं के वहीं रुक गए और सोचने लगी -दीपक , सही तो कह रहा है, यह प्रतीक कैसे हो सकता है ?सोचकर गाड़ी में जा बैठी।

 प्रतीक की वो महक सोचते हुए ,उसने अपनी आँखें बंद की, जैसे इतने वर्षों के पश्चात भी ,उसके अंदर बसी हो। वही आवाज ,वही क़द काठी ,वही अंदाज़ ! मान लो !एक बार को मैं ये मान भी लूँ कि वो सौरभ है किन्तु दो लोगों में इतनी समानता कैसी हो सकती है ? 

'सौरभ 'जिसे मैंने पहली बार देखा है ,एक बार भी नहीं लगा मेरा प्रतीक नहीं हो सकता। दीपक गाड़ी तो चला रहा था किन्तु उसका ध्यान नंदिनी पर ही था। उसकी ख़ामोशी उसकी परेशानी का सबब बन रही थी। अब वो सोच रहा था -'अब तक तो इसे भ्रम था कि कोई इसके आस -पास है  किन्तु अब तो लगता है ,इसे पूर्ण विश्वास हो गया है, अपने इस कृत्य पर उसे क्रोध आ रहा था,मैंने इसे प्रतीक से क्यों मिलवाया ? 


laxmi

मेरठ ज़िले में जन्मी ,मैं 'लक्ष्मी त्यागी ' [हिंदी साहित्य ]से स्नातकोत्तर 'करने के पश्चात ,'बी.एड 'की डिग्री प्राप्त करने के पश्चात 'गैर सरकारी संस्था 'में शिक्षण प्रारम्भ किया। गायन ,नृत्य ,चित्रकारी और लेखन में प्रारम्भ से ही रूचि रही। विवाह के एक वर्ष पश्चात नौकरी त्यागकर ,परिवार की ज़िम्मेदारियाँ संभाली। घर में ही नृत्य ,चित्रकारी ,क्राफ्ट इत्यादि कोर्सों के लिए'' शिक्षण संस्थान ''खोलकर शिक्षण प्रारम्भ किया। समय -समय पर लेखन कार्य भी चलता रहा।अट्ठारह वर्ष सिखाने के पश्चात ,लेखन कार्य में जुट गयी। समाज के प्रति ,रिश्तों के प्रति जब भी मन उद्वेलित हो उठता ,तब -तब कोई कहानी ,किसी लेख अथवा कविता का जन्म हुआ इन कहानियों में जीवन के ,रिश्तों के अनेक रंग देखने को मिलेंगे। आधुनिकता की दौड़ में किस तरह का बदलाव आ रहा है ?सही /गलत सोचने पर मजबूर करता है। सरल और स्पष्ट शब्दों में कुछ कहती हैं ,ये कहानियाँ।

Post a Comment (0)
Previous Post Next Post