कनिका ने आज फिर से नया सूट लिया है ,और उसे पहनकर अपनी किट्टी में आई है। क्या बात है ,कनिका जी, आजकल तो बहुत ही नए-नए सूट पहन रही हो।
क्यों न पहनें अब तो बेटे की तरक्की हो गई है, काफी पैसे कमा रहा है ,क्या माँ को एक सूट भी ना दिलाएगा, रेवती जी ने कहा।
हां ,वही तो मैं ,सोचूं पहले तो आप साड़ी पहनती थीं , किंतु अब तो नए-नए प्लाजो वाले सूट पहनती हैं।शैली बोली।
आपको ,क्यों जलन हो रही है ? बेटा मेरा कमा रहा है ,अब ही तो हमारी ओढ़ने -पहनने की उम्र ही आई है वरना घर की ज़िम्मेदारियों के चलते गृहस्थी की चक्की में हमारी ज़िंदगी पीस रही थी। अब बच्चे पढ़ -लिख लिए सफल हो गए ,अब थोड़ी आज़ादी मिली है तो फिर क्यों न लाभ उठायें ? कनिका इठलाते हुए बोली।
अच्छा -अच्छा आप लाभ उठाइये ! किसने रोका है ?ये भी कुछ दिनों की रौनक है ,खूब लाभ उठाइए ,जब तक बहु नहीं आ जाती ,तब तक आज़ादी का मज़ा लीजिये, नए -नए कपड़े पहनिए।
हाँ ये तो है ,वरना आजकल की बहुएं ... ऐसी बहुओं से तो राम बचाये,रेवती मुँह बनाते हुए बोली -कहेंगी ,''बूढी घोड़ी लाल लग़ाम ''
गायत्री जी ,''बहु कहें या न कहें ''किन्तु आप अवश्य अपने मन की भड़ास निकाल रहीं हैं।
अरे आप अपने को तो देखिये !आज भी आपसे छोटी लगती हूँ।
हाँ हाँ क्यों नहीं ? कितना भी उम्र को छुपा लो !दिख ही जाती है। कनिका हँसते हुए बोली।
अच्छा -अच्छा आपको भी देखते हैं ,कब तक आजादी की मज़े लेती हो ?
इस बात को ,पांच वर्ष हो गए ,क्या हुआ ? कनिका जी बेटे का विवाह नहीं करना है ,अब तो बहुत दिन हो गए ,कविता जी तो दादी भी बन गयीं।
हाँ -हाँ लड़की ढूंढ़ तो रही हूँ किन्तु अभी कोई ठीक सी लड़की मिल ही नहीं रही।
आप कैसी लड़की चाहती हैं ?लता ने पूछा।
लड़की कैसी ?लड़की जैसी ही जो घर -परिवार में मिलजुलकर चले।
मैंने आपको एक लड़की बताई तो थी, किन्तु आपके तो भाव ही बहुत बढ़े हुए हैं। उस लड़की की मम्मी ने बताया -' सब कुछ ठीक था ,लड़की पढ़ी -लिखी थी। आपने ,उससे दो -चार सवाल पूछे बेटे से बात की और चली गयीं, लता ने कहा।
देखिये ,कनिका जी !आप बुरा मत मानिये !मुझे तो लगता है ,आपने अपनी आज़ादी को कुछ ज्यादा ही गंभीरता से ले लिया है। बच्चों की उम्र बढ़ती जा रही है।
अब क्या करें ? लड़का जाने ,हमारी सुनता ही कहाँ है ?कहकर वो चलीं गयीं।
उनके जाने के पश्चात चित्रा हंसी और बोली -अब बेटे की कमाई मुँह जो लग गयी है। नौकर रखें हैं ,रिश्तेदारियों में घूमती हैं। मुझे तो लगता है ,इन्हें बेटे का विवाह ही नहीं करना है। एक दिन मुझसे कह रहीं थीं - 'विवाह करके परेशानी क्यों मोल लेना ? अच्छे से ज़िंदगी कट रही है। बहु आते ही बेटे पर अधिकार जतलायेगी ,उसकी कमाई पर भी..... उनके पड़ोस में एक परिवार है। बहु ने तो सास से कह दिया है -तुम्हारे खर्चे ही कम नहीं हैं ,हमें भी तो अपना कल देखना है ,बच्चे होंगे उनकी पढ़ाई होगी। बहु -बेटा दोनों कमाते हैं ,सास घर में बच्चे को संभालती है। यही सब देखकर ये भी स्वार्थी हो गयीं हैं।'
अगर ऐसी ही सोच और स्वार्थ हर माँ करने लगी तो किसी बच्चे का घर न बसेगा।
आजादी तो हर रिश्ता चाहता है, बहु भी आजादी चाहती है ,घर के काम न करना पड़े ,सास -ससुर की सेवा न करनी पड़े, बच्चे बनाने या उन्हें पालना न पड़े ,यदि इसी तरह सभी अपना -अपना देखने लगे तो परिवारों का क्या होगा ?ये चिंता का विषय है। अभी तक जो परिवार बसे हुए हैं ,उनमें किसी का त्याग, किसी की ख़ामोशी ,किसी का अपनापन ,एक -दूसरे के साथ की चाहत ही उन मकानों को घर बनाये हुए हैं। यही सोचो !यदि हमारे अपने माता -पिता ऐसे स्वार्थी हो जाते या उनकी बच्चे न सुनते तो क्या जिन बच्चों के कारण आज वे अपने को स्वतंत्र महसूस कर रहीं हैं, वे होते।
आपने तो कुछ ज्यादा ही गंभीरता से इस विषय को ले लिया ,वैसे हर कोई किसी दूसरे पर आरोप लगा देता है किन्तु यदि अपनी सोच और विचारों में सुधार किया जाये तो बहुत कुछ सुधर सकता है। बहनों !आप क्या कहती हैं ?बताइयेगा !
