जिस कक्ष में मोहिनी , रणवीर ,भानु और रूद्र थे ,उसका दरवाजा अचानक बंद हो गया, किन्तु थोड़े प्रयास से खुल भी गया। यह सब देखकर रणवीर ने तुरंत पीछे हटते हुए कहा—मुझे लगता है, इस हवेली में जितने कमरे हैं, उससे ज्यादा राज हैं।”
रूद्र ने गंभीरता से कहा— और हर राज का रास्ता किसी न किसी पुराने निशान से जुड़ा है।”
मोहिनी ने पट्टी को ध्यान से देखा ,उस पर R नहीं था ,सिर्फ M.B. लिखा था उसने धीरे से कहा— शायद R हमेशा तीसरे बच्चे का संकेत नहीं था।”
भानु ने उसकी ओर देखा ,तो फिर?
मोहिनी ने जवाब नहीं दिया।उसकी नजर संदूक में रखी एक और चीज पर टिक गई थी।वो एक पुरानी डायरी थी ,उसके कवर पर कोई नाम नहीं था।सिर्फ तारीख लिखी थी—19 अगस्त 2001मोहिनी ने उसे उठा लिया। पहला पन्ना खाली था ,दूसरा भी ,तीसरे पर सिर्फ एक वाक्य था—अगर यह डायरी मोहिनी के हाथ में पहुँचे, तो उसे पहले पन्ने से नहीं पढ़ना।”मोहिनी के चेहरे पर वही बेचैनी लौट आई, जो उसे पहले वाली डायरी में हुई थी।फिर वही बात।”
भानु ने पूछा—क्या ?
आखिरी पन्ने से पढ़ना।”
रूद्र ने कहा—तो पढ़ो !”
मोहिनी ने डायरी पलट दी ,आखिरी पन्ना खोलते ही उसके हाथ काँप गए।उस पर सिर्फ चार पंक्तियाँ थीं—18 अगस्त की सुबह तीसरा बच्चा हवेली से बाहर गया था।लेकिन वह अकेला नहीं था।उसके साथ जो व्यक्ति गया, वह मृणाल नहीं थी। मृणाल को सिर्फ यह विश्वास दिलाया गया था ,कि वही बच्चा उसके साथ है।”मोहिनी ने धीरे-धीरे सिर उठाया ,यह सच नहीं हो सकता।”
भानु ने डायरी उसके हाथ से ले ली -“क्यों?”
“क्योंकि माँ ने कहा था -' कि वह तीसरे बच्चे को लेकर गई थीं।”
रूद्र ने आखिरी पंक्ति दोबारा पढ़ी ,शायद उन्हें ऐसा ही बताया गया था ,ध्यान से ये पंक्ति पढ़ो !उन्हें सिर्फ़ विश्वास दिलाया गया था।
रणवीर ने अचानक कहा—तो फिर मृणाल जिस बच्चे को लेकर गई थीं…सबकी नजरें उसकी ओर उठीं।तब रणवीर ने ही वह वाक्य पूर्ण किया—हो सकता है ,वह तीसरा बच्चा था ही नहीं।”
मोहिनी के हाथ से लाल धागा फर्श पर गिर गया।उसे अचानक पिछली रात की एक आवाज याद आई—“जिसे तुमने बचाया … वह वही नहीं था, जिसे तुम्हें बचाना था।”उसकी आँखें आश्चर्य से फैल गईं ,तो 18 अगस्त को…”
भानु ने कहा—एक बच्चे को बदल दिया गया था। और उसी क्षण नीचे मुख्य दरवाजे से रत्न प्रताप की आवाज गूँजी—“भानु ! मोहिनी ! तुरंत नीचे आओ !”उनकी आवाज में पहली बार ऐसा भय था, जिसे छिपाना संभव नहीं था।चारों तेजी से सीढ़ियों की ओर बढ़े।सीढ़ियों के आखिरी मोड़ पर पहुँचते ही मोहिनी रुक गई।नीचे रत्न प्रताप अकेले खड़े थे।उनके हाथ में एक पुरानी तस्वीर थी ,उन्होंने तस्वीर मोहिनी की ओर बढ़ाई -“इसे देखो !”
मोहिनी ने तस्वीर उनके हाथों से ले ली।तस्वीर में 18 अगस्त 2001 की सुबह तीन बच्चे थे ,लेकिन इस बार आर्या ने कुछ ऐसा देखा जो पहले कभी नहीं देखा था।तीसरे बच्चे की कलाई पर लाल रिबन नहीं था।उसकी जगह—एक काली पट्टी बंधी थी।मोहिनी की साँस जैसे अटक गई।
भानु ने तस्वीर उसके हाथ से ली।तस्वीर के पीछे सिर्फ एक नाम लिखा था—M.B.— असली बच्चा !और उसके नीचे किसी ने बाद में लाल स्याही से लिख दिया था—बाकी दोनों को पहचानने मत देना।”
मोहिनी ने, रत्न प्रताप की ओर देखा और पूछा - इसका क्या मतलब है?”
रत्न प्रताप ने धीमे स्वर में कहा—इसका मतलब है ,कि पच्चीस साल से हम जिस तीसरे बच्चे को खोज रहे हैं…उन्होंने कुछ क्षण रुककर कहा—वह शायद तीसरा बच्चा था ही नहीं।”
रत्न प्रताप के आखिरी शब्द हवेली के आँगन में गूँजते रहे -'' शायद तीसरा बच्चा था ही, नहीं।”
मोहिनी ने जो हाथ में तस्वीर पकड़ी हुई थी ,वो तस्वीर काँप रही थी। तस्वीर में तीन बच्चे थे, लेकिन अब तक जिस बच्चे को वह अपने बचपन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी मानती आई थी, उसकी पहचान ही सवालों के घेरे में थी।
भानु ने तस्वीर रत्न प्रताप के हाथों से लेकर दोबारा देखी।
“आप कहना क्या चाहते हैं? हम तीनों उस रात साथ थे, हमारी यादों में तीसरा बच्चा है। तस्वीरों में भी है, फिर वह बच्चा कौन था?”
रत्न प्रताप ने उत्तर देने से पहले मोहिनी की ओर देखा और बोला -“मैं यह नहीं कह रहा कि तीसरा बच्चा था ही नहीं। मैं कह रहा हूँ ,कि संभव है, जिसे तुम तीसरा बच्चा समझते रहे, वह असल में किसी और की जगह खड़ा था।”
रूद्र ने तुरंत पूछा, “किसकी जगह खड़ा था ?”
“यह मुझे नहीं पता।”
“आपको हर जरूरी बात नहीं पता होती, लेकिन हर जरूरी बात आपसे जुड़ी जरूर होती है, रूद्र ने तीखे स्वर में कहा -“क्या यह महज एक संयोग है?”
रत्न प्रताप ने उसकी बात का जवाब नहीं दिया।
मोहिनी तस्वीर को देखती रही, उसने उस बच्चे की कलाई पर बँधी काली पट्टी को ध्यान से देखा। पट्टी पर कोई छोटा-सा निशान था, लेकिन तस्वीर पुरानी होने के कारण स्पष्ट नहीं था।यह तस्वीर किसने खींची थी?” उसने पूछा।
रत्न प्रताप ने कहा -“मुझे नहीं मालूम।”
इस पर तारीख किसने लिखी?”
मैं यह भी नहीं जानता।”
तो आपको मालूम क्या है? मोहिनी का स्वर अब गुस्से से काँप रहा था।आप जानते थे, कि मेरी माँ जिंदा हैं। आप जानते थे , कि 2001 की रात को मेरे साथ क्या हुआ था ? आपको राजवीर के बारे में भी कुछ पता है। अब आप कह रहे हैं, कि तीसरा बच्चा शायद वह था, ही नहीं, जिसे हम समझते रहे। आखिर इस हवेली में कोई एक व्यक्ति भी सच क्यों नहीं बोलता ?चिल्लाते हुए उसने पूछा।
कुछ क्षणों तक वहां कोई कुछ नहीं बोला ,फिर भानु ने तस्वीर मोहिनी से ले ली।
“अब गुस्सा करने से हमें जवाब नहीं मिलेंगे। हमें स्वयं पता लगाना होगा कि इस तस्वीर में क्या बदला गया है ?
मोहिनी ने उसकी ओर देखा और शंका से बोली -अगर यह तस्वीर ही झूठी हुई तो?”
तो हम उसका असली रूप ढूँढ़ेंगे।
और अगर हमारी यादें ही झूठी हुईं,तो...?”
भानु कुछ पल चुप रहा फिर उसने कहा - “तब हमें उन लोगों पर भरोसा नहीं करना चाहिए जिन्होंने हमारी यादों को अपने फायदे के लिए इस्तेमाल किया है
मोहिनी ने धीरे से सिर हिलाया वो अब केवल तीसरे बच्चे को नहीं खोज रही थी। वह यह जानना चाहती थी कि उसकी जिंदगी में कौन-सी याद उसकी अपनी थी और कौन-सी किसी दूसरे ने उसके मन में छोड़ी थी ?
तभी रणवीर तेजी से उनके पास आया और बोला - मुझे एक बात समझ में आई है।”
रूद्र ने पूछा, “क्या?”
रणवीर ने तस्वीर की ओर इशारा किया -अगर तीसरे बच्चे की पहचान बदलने की कोशिश की गयी है , तो संभव है कि तस्वीर में भी किसी तरह का बदलाव किया गया हो, लेकिन हमें सिर्फ चेहरे नहीं देखने चाहिए।”उसने तस्वीर को रोशनी की तरफ उठाया। हमें बच्चों के कपड़े, हाथों के निशान और तस्वीर के पीछे लिखी बातों के रहस्य को भी समझना चाहिए।”
भानु ने पूछा, “तुम्हें लगता है, कि इससे कुछ मिलेगा ?”
“पता नहीं ,लेकिन इस बार मैं किसी की कहानी पर भरोसा करने के बजाय सबूत देखना चाहता हूँ।”
रणवीर की बात सुनकर मोहिनी ने पहली बार उसकी ओर ध्यान से देखा। वह हमेशा मजाक करता था, लेकिन अब वह भी इस रहस्य को सुलझाने में गंभीरता से लगा था।
मोहिनी ने कहा, ज़रा ये तस्वीर मुझे दो !”उसने तस्वीर अपने हाथ में ली और बच्चों के चेहरों को गौर से देखने लगी।
